आंधी, बारिश और ओलावृष्टि से उत्तर भारत में तबाही, फसलों को भारी नुकसान
- Post By Admin on Apr 05 2026
नई दिल्ली : देश के कई हिस्सों में इन दिनों आंधी, बारिश और ओलावृष्टि का दौर जारी है। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से उत्तर भारत में मौसम का मिजाज अचानक बदल गया है। जहां एक ओर भीषण गर्मी से राहत मिली है, वहीं दूसरी ओर किसानों के लिए यह मौसम बड़ी आफत बन गया है। खेतों में खड़ी फसलें तेज हवाओं, बारिश और ओलों की मार से बर्बाद हो रही हैं।
भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और उत्तर प्रदेश में हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना है। कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि भी हो सकती है, जिससे फसलों को और नुकसान पहुंचने की आशंका है।
मौसम विभाग के मुताबिक 4 अप्रैल को सक्रिय हुए पश्चिमी विक्षोभ का असर अभी तक बना हुआ है। वहीं 7 और 8 अप्रैल को एक और पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है, जिससे उत्तर-पश्चिम भारत में आने वाले दिनों में भी मौसम खराब रहने के संकेत हैं। मध्य प्रदेश, विदर्भ और छत्तीसगढ़ में 5 अप्रैल को कहीं-कहीं बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं। बिहार में 5 और 6 अप्रैल तक तथा झारखंड, पश्चिम बंगाल, सिक्किम और अरुणाचल प्रदेश में 7 अप्रैल तक बारिश और ओलावृष्टि का असर रहने की संभावना जताई गई है।
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में शनिवार को आंधी और बारिश के कारण मौसम का मिजाज बदला नजर आया। रविवार को दिनभर बादल छाए रहने की संभावना है, हालांकि भारी वर्षा की संभावना नहीं है। कुछ स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। सुबह छह बजे राजधानी का तापमान लगभग 18 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने 7-8 अप्रैल को एक बार फिर अंधड़ और वर्षा का दौर लौटने की संभावना जताई है। बदलते मौसम के कारण वायु गुणवत्ता सूचकांक मध्यम से खराब श्रेणी में बना हुआ है।
वहीं राजस्थान, मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश में शनिवार से ही कई स्थानों पर तेज बारिश और ओलावृष्टि देखी जा रही है। तेज हवाओं के कारण कई जगह पेड़ और बिजली के खंभे उखड़ गए हैं, जबकि कई इलाकों में ओलों की सफेद चादर बिछ गई। इससे खेतों में खड़ी फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है।
उत्तर प्रदेश में खराब मौसम के चलते पिछले 48 घंटे के दौरान 12 लोगों की मौत होने की भी खबर है। मौसम में आए इस बदलाव के कारण अधिकतम तापमान सामान्य से नीचे दर्ज किया जा रहा है।