ऑपरेशन यात्री सुरक्षा के तहत मोबाइल चोर गिरफ्तार, 34 मामलों में आरोपी

  • Post By Admin on Apr 05 2026
ऑपरेशन यात्री सुरक्षा के तहत मोबाइल चोर गिरफ्तार, 34 मामलों में आरोपी

लखीसराय : पूर्व मध्य रेल के दानापुर मंडल अंतर्गत किऊल रेल थाना क्षेत्र में चलाए जा रहे ऑपरेशन यात्री सुरक्षा अभियान के तहत रेल पुलिस ने मोबाइल चोरी करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से चोरी का एक मोबाइल फोन बरामद किया गया है, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 20 हजार रुपए बताई गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार 05 अप्रैल (रविवार) को उप निरीक्षक ललन कुमार सिंह, आरक्षी नवीन कुमार तथा आरक्षी अमित कुमार यात्री सामानों की चोरी की रोकथाम को लेकर रेल खंड में गश्ती कर रहे थे। इसी दौरान रामपुरडुमरा रेलवे स्टेशन के समीप गाड़ी संख्या 63572 मोकामा–जसीडीह मेमू से किलोमीटर संख्या 442/12 के पास एक व्यक्ति चलती ट्रेन से उतरकर भागने का प्रयास कर रहा था, जिसे पुलिस बल ने पकड़ लिया।

पूछताछ के दौरान वह कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सका और उसके पास यात्रा से संबंधित कोई टिकट भी नहीं मिला। तलाशी के दौरान उसके पास से एक मोबाइल फोन बरामद हुआ। पूछने पर उसने स्वीकार किया कि उक्त मोबाइल उसने उसी ट्रेन में यात्रा कर रहे एक यात्री से चोरी किया है।

मौके पर ही सुबह 05 बजकर 20 मिनट पर तलाशी और जब्ती सूची तैयार कर वीवो कंपनी का मोबाइल फोन जब्त किया गया। इसके बाद सुबह 05 बजकर 30 मिनट पर गिरफ्तारी अभिलेख तैयार कर आरोपी पिंका कुमार मंडल (30 वर्ष), पिता धनेश्वर मंडल, निवासी मिर्जाचौक, थाना बरियारपुर, जिला मुंगेर को गिरफ्तार कर लिया गया।

जांच के दौरान चक्रा ऐप और अंतर-संबद्ध आपराधिक न्याय प्रणाली अभिलेख (ICJS) के माध्यम से पता चला कि उक्त आरोपी के खिलाफ विभिन्न थानों में चोरी और छिनतई के कुल 34 मामले दर्ज हैं।

इस संबंध में उप निरीक्षक ललन कुमार सिंह के लिखित आवेदन के आधार पर राजकीय रेल पुलिस थाना हाथीदह में कांड संख्या 141/26 दिनांक 05 अप्रैल 2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 305(2) और 317(5) के अंतर्गत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।