लखीसराय : जिले में महिला मतदाता का अनुपात सुधारने के लिए जिला प्रशासन लगातार प्रयास कर रहा है। निर्वाचन आयोग के निर्देश पर राजनीतिक दलों से भी मदद ली जा रही है। इस कड़ी में बुधवार को जिला समाहरणालय स्थित मंत्रणा कक्ष में जिलाधिकारी मिथिलेश मिश्र की अध्यक्षता में राजनीतिक दलों के जिला अध्यक्ष, युवा और महिला मोर्चा के नेताओं के साथ बैठक आयोजित की गई।

बैठक में महिला मतदाताओं को वोटर सूची में जोड़ने के लिए 15 दिसंबर तक चल रहे अभियान पर चर्चा की गई। वर्तमान में पुरुष और महिला मतदाताओं के अनुपात में अंतर है जिसमें पुरुषों का अनुपात अधिक है। जिलाधिकारी ने बताया कि 1,000 पुरुष मतदाताओं में 888 महिला मतदाता हैं और इस अनुपात को बढ़ाकर 902 तक लाने का लक्ष्य है। खासकर उन लड़कियों का नाम जुड़वाने का अनुरोध किया गया है जिनकी उम्र 1 जनवरी 2025 तक 18 वर्ष हो जाएगी। इसके लिए ऑनलाइन आवेदन भी स्वीकार किए जाएंगे।

डीएम ने बैठक में उपस्थित नेताओं से महिला मतदाताओं को वोटर सूची में जोड़ने में सक्रिय रूप से हिस्सा लेने का अनुरोध किया। इसके लिए बूथ लेवल एजेंटों, जीविका दीदी, बीएलओ और अन्य माध्यमों से अभियान चलाने की योजना बनाई गई। इसके साथ ही स्कूल और कॉलेजों में भी छात्राओं का नाम जोड़ने का अभियान चलाया जाएगा। बैठक में जदयू के जिला अध्यक्ष रामानंद मंडल, लोजपा रामविलास के अजय कुमार सिंह, भाजपा के सोनू कुमार और राष्ट्रीय लोक मोर्चा के अजय कुमार समेत सभी राजनीतिक दलों के महिला मोर्चा के नेता उपस्थित थे।