जल शक्ति अभियान के तहत बैठक, चेक डैम और वर्षा जल संचयन पर विशेष जोर

  • Post By Admin on Apr 11 2026
जल शक्ति अभियान के तहत बैठक, चेक डैम और वर्षा जल संचयन पर विशेष जोर

लखीसराय : जल शक्ति अभियान (जल संचयन जन भागीदारी) के अंतर्गत शनिवार को समाहरणालय स्थित मंत्रणा कक्ष में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जल संरक्षण एवं वर्षा जल संचयन को वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता बताते हुए सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए।

बैठक के दौरान अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि वर्षा जल संचयन, परंपरागत जल स्रोतों के पुनर्जीवन, चेक डैम निर्माण, सोख्ता गड्ढों के निर्माण सहित जल संरक्षण से जुड़ी सभी गतिविधियों को प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध ढंग से पूरा किया जाए, ताकि क्षेत्र में जल संकट की समस्या को प्रभावी रूप से दूर किया जा सके।

निदेशक एनईपी नीरज आनंद ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी प्रखंडों में चल रही योजनाओं की अद्यतन प्रगति रिपोर्ट नियमित रूप से प्रस्तुत की जाए तथा कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि आमजन की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए व्यापक स्तर पर जागरूकता अभियान चलाया जाए, जिससे अधिक से अधिक लोग इस अभियान से जुड़ सकें।

बैठक में पेयजल एवं स्वच्छता, लघु जल संसाधन, मनरेगा, शिक्षा, वन तथा नगर निकाय विभाग के पदाधिकारियों को अपने-अपने विभागों द्वारा किए जा रहे कार्यों की जानकारी साझा करने के निर्देश दिए गए। साथ ही कार्यपालक अभियंताओं और प्रखंड स्तरीय पदाधिकारियों को क्षेत्र में जाकर योजनाओं का निरीक्षण करने तथा कार्यों की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने को कहा गया।

बैठक में जिला ग्रामीण विकास अभिकरण के निदेशक नीरज कुमार, निदेशक एनईपी नीरज आनंद, सिविल सर्जन जयप्रकाश सिंह सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी और कर्मी उपस्थित थे।