लखीसराय में गैस पाइपलाइन योजना की समीक्षा, रोजाना नए कनेक्शन देने का लक्ष्य

  • Post By Admin on Apr 11 2026
लखीसराय में गैस पाइपलाइन योजना की समीक्षा, रोजाना नए कनेक्शन देने का लक्ष्य

लखीसराय : जिले में सिटी गैस पाइपलाइन परियोजना की प्रगति को लेकर जिला आपूर्ति पदाधिकारी ने समीक्षा बैठक कर संबंधित एजेंसियों और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। समीक्षा के दौरान पाया गया कि जिले में गैस पाइपलाइन बिछाने और उपभोक्ताओं को कनेक्शन देने का कार्य अपेक्षित गति से नहीं चल रहा है।

बैठक में बताया गया कि अब तक कुल 7291 पंजीकृत आवेदकों में से केवल 4680 उपभोक्ताओं को ही पाइप नेचुरल गैस का कनेक्शन दिया जा सका है। इस पर नाराजगी जताते हुए प्रशासन ने नॉर्थ स्टार टेक्नो सर्विस और एम्ब्रेस गैस पाइपलाइन कंपनियों को निर्देश दिया कि प्रतिदिन कम से कम 15 से 18 नए कनेक्शन स्थापित किए जाएं तथा इसकी प्रगति रिपोर्ट प्रतिदिन विभाग को उपलब्ध कराई जाए।

समीक्षा के दौरान यह भी सामने आया कि कई उपभोक्ताओं ने अपने घरों में पाइप नेचुरल गैस का कनेक्शन लगवा लिया है, इसके बावजूद वे एलपीजी सिलेंडर का उठाव कर रहे हैं। प्रशासन ने इसे नियमों का उल्लंघन बताते हुए गंभीरता से लिया है। जिला आपूर्ति पदाधिकारी ने सभी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि गैस एजेंसियों के साथ डेटा का मिलान कर ऐसे उपभोक्ताओं की पहचान की जाए और उनके एलपीजी सिलेंडर की आपूर्ति तत्काल प्रभाव से बंद की जाए।

इसके साथ ही जिले में गैस पाइपलाइन नेटवर्क का विस्तार करने पर भी विशेष जोर दिया गया। नगर परिषद बड़हिया और लखीसराय के शेष क्षेत्रों में पाइप नेचुरल गैस के उपयोग को बढ़ावा देने के लिए जागरूकता अभियान चलाने का निर्णय लिया गया है।

प्रशासन ने यह भी तय किया कि स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विद्यालय, पॉलिटेक्निक महाविद्यालय, दीदी की रसोई, पुलिस लाइन तथा सरकारी आवासीय परिसरों जैसे प्रमुख संस्थानों को प्राथमिकता के आधार पर गैस पाइपलाइन से जोड़ा जाएगा। प्रशासन का मानना है कि इस पहल से न केवल ईंधन की बचत होगी, बल्कि जिले में स्वच्छ और आधुनिक ऊर्जा के उपयोग को भी बढ़ावा मिलेगा।