लखीसराय में सहायक शिक्षा विकास पदाधिकारी परीक्षा की तैयारी पूरी, 13 केंद्रों पर होगी परीक्षा

  • Post By Admin on Apr 11 2026
लखीसराय में सहायक शिक्षा विकास पदाधिकारी परीक्षा की तैयारी पूरी, 13 केंद्रों पर होगी परीक्षा

लखीसराय : बिहार लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित विज्ञापन संख्या 87/2025 के अंतर्गत सहायक शिक्षा विकास पदाधिकारी प्रतियोगिता परीक्षा के सफल, कदाचारमुक्त एवं शांतिपूर्ण संचालन को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। इसी सिलसिले में शनिवार को समाहरणालय स्थित मंत्रणा कक्ष में जिला पदाधिकारी नीरज कुमार की अध्यक्षता में प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों, पुलिस अधिकारियों एवं कर्मियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में बताया गया कि यह परीक्षा 14 अप्रैल से 21 अप्रैल 2026 तक जिले के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएगी। जिले में कुल 13 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां लगभग 5964 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल होंगे। परीक्षा दो पालियों में आयोजित होगी। प्रथम पाली प्रातः 10 बजे से 12 बजे तक तथा द्वितीय पाली अपराह्न 2:30 बजे से 4:30 बजे तक आयोजित की जाएगी।

जिला पदाधिकारी ने परीक्षा के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने, पारदर्शिता सुनिश्चित करने तथा कदाचार पर पूर्ण नियंत्रण रखने के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। सभी परीक्षा केंद्रों पर दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई है। साथ ही निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरे, वीडियोग्राफी तथा उड़नदस्ता दल की भी व्यवस्था की गई है।

परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्र में प्रवेश से पहले कड़ी जांच प्रक्रिया से गुजरना होगा। बायोमेट्रिक और फेसियल पहचान प्रणाली के माध्यम से उनकी पहचान सुनिश्चित की जाएगी। किसी भी अभ्यर्थी को मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण या अन्य प्रतिबंधित सामग्री परीक्षा केंद्र में ले जाने की अनुमति नहीं होगी।

दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए विशेष सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं। जरूरत के अनुसार अतिरिक्त समय और लेखक की व्यवस्था की जाएगी। साथ ही अधिकतर परीक्षा केंद्र भूतल पर ही बनाए गए हैं, ताकि दिव्यांग अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

जिला प्रशासन ने सभी संबंधित अधिकारियों को अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ करने का निर्देश दिया है। साथ ही परीक्षार्थियों और अभिभावकों से भी निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए परीक्षा के सफल और शांतिपूर्ण संचालन में सहयोग की अपील की गई है।

बैठक में अपर समाहर्ता (लोक शिकायत) शंभूनाथ, अनुमंडल पदाधिकारी प्रभाकर कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी शिवम कुमार, जिला पंचायत राज पदाधिकारी पम्मी रानी, वरीय उपसमाहर्ता शशि कुमार, पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय विश्वनाथ कुमार सिंह, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रवि कुमार, नजारत उपसमाहर्ता प्राची कुमारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी यदुवंश राम तथा वरीय कोषागार पदाधिकारी रमेश कुमार सुमन सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।