मीनापुर में दीनदयाल उपाध्याय जयंती पर दौड़ और भाषण प्रतियोगिता का आयोजन

  • Post By Admin on Sep 25 2026
मीनापुर में दीनदयाल उपाध्याय जयंती पर दौड़ और भाषण प्रतियोगिता का आयोजन

मुजफ्फरपुर : पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती के अवसर पर शुक्रवार को मीनापुर में विभिन्न खेलकूद, शैक्षणिक और सामाजिक जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के मेरा युवा भारत (MY Bharat), मुजफ्फरपुर के तत्वावधान में विशुनपुर युवा मंडल की ओर से कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, मानिकपुर में आयोजित कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं और युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान दौड़ प्रतियोगिता, भाषण प्रतियोगिता, संगोष्ठी, नशा मुक्ति शपथ और वृक्षारोपण सहित कई गतिविधियां आयोजित की गईं।

कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय की शिक्षिकाओं बबीता राज, आरफा नूरीन और कुमारी अलका ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्र पर पुष्प अर्पित कर किया। इसके बाद विद्यार्थियों को उनके जीवन और विचारों से परिचित कराया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित पूर्व आर्मी सूबेदार के.के. सिंह ने विद्यार्थियों और युवाओं को संबोधित किया। उन्होंने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के जीवन, विचारों तथा समाज और राष्ट्र के प्रति उनके योगदान पर प्रकाश डाला। साथ ही युवाओं को शिक्षा, अनुशासन और सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया।

जयंती के अवसर पर मीनापुर में आयोजित दौड़ प्रतियोगिता में बड़ी संख्या में युवाओं ने हिस्सा लिया। विशेष रूप से मिशन सेना से जुड़े युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी शारीरिक क्षमता और खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के विजेता प्रतिभागियों को मेडल देकर सम्मानित किया गया। बालक वर्ग की दौड़ प्रतियोगिता में अशोक कुमार ने प्रथम, आदर्श कुमार ने द्वितीय और ब्रज मोहन कुमार ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं, बालिका वर्ग में भावना कुमारी प्रथम और संध्या कुमारी द्वितीय स्थान पर रहीं।

कार्यक्रम के तहत आयोजित भाषण प्रतियोगिता में छात्राओं ने अपने विचार प्रस्तुत किए। प्रतियोगिता में सुप्रिया कुमारी ने प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि मुस्कान कुमारी द्वितीय और अमृता कुमारी तृतीय स्थान पर रहीं। विजेता प्रतिभागियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। कार्यक्रम के दौरान नशा मुक्ति को लेकर जागरूकता अभियान भी चलाया गया। उपस्थित विद्यार्थियों, युवाओं और अन्य लोगों ने नशा मुक्त समाज के निर्माण में योगदान देने की शपथ ली। इस अवसर पर नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता फैलाने और युवाओं को सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ने पर जोर दिया गया।

कार्यक्रम के दौरान नशा मुक्ति को लेकर जागरूकता अभियान भी चलाया गया। उपस्थित विद्यार्थियों, युवाओं और अन्य लोगों ने नशा मुक्त समाज के निर्माण में योगदान देने की शपथ ली। इस अवसर पर नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता फैलाने और युवाओं को सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ने पर जोर दिया गया। इसके अलावा ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत पौधारोपण किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए पौधों की देखभाल और अधिक से अधिक वृक्ष लगाने का संकल्प लिया। आयोजन में मेरा युवा भारत के राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवक संतोष कुमार, विशुनपुर युवा मंडल के सदस्य, विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं और विद्यार्थी उपस्थित रहे। आयोजकों ने बताया कि सभी के सहयोग से कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।