मेजर ध्यानचंद की जयंती पर लंगट सिंह कॉलेज में खेल प्रतिभाओं का सम्मान, विजेताओं को मिले पदक
- Post By Admin on Aug 29 2026
मुजफ्फरपुर : लंगट सिंह महाविद्यालय में शनिवार को मेजर ध्यानचंद की जयंती के अवसर पर राष्ट्रीय खेल दिवस समारोह का भव्य एवं गरिमामय आयोजन किया गया। कॉलेज की क्रीड़ा परिषद की ओर से आयोजित समारोह में वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिताओं के विजेता खिलाड़ियों को प्रमाण-पत्र और पदक देकर सम्मानित किया गया। समारोह में एथलेटिक्स, क्रिकेट तथा कबड्डी के महिला एवं पुरुष वर्ग में विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। पुरस्कार प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों में उत्साह का माहौल रहा और उपस्थित लोगों ने उनके प्रदर्शन की सराहना की।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए कॉलेज की प्राचार्या प्रो. कनुप्रिया ने मेजर ध्यानचंद को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि हॉकी के जादूगर केवल एक खिलाड़ी नहीं थे, बल्कि वे खेल की आत्मा थे। उनकी लगन, अनुशासन और देशभक्ति आज भी प्रेरणा देती है। उन्होंने कहा कि सच्चा विजेता वही है जो मैदान पर जीत हासिल करने के साथ जीवन में भी चरित्र और समर्पण के बल पर आगे बढ़े। प्राचार्या ने कहा कि खेल शिक्षा का अभिन्न अंग है। मेजर ध्यानचंद की विरासत यह संदेश देती है कि शारीरिक शक्ति के साथ मानसिक दृढ़ता और नैतिक बल भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय खेल दिवस का यह आयोजन केवल पुरस्कार वितरण तक सीमित नहीं है, बल्कि भावी पीढ़ी में खेल संस्कृति को मजबूत करने और खेलों के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करने का संकल्प भी है।
कार्यक्रम का मंच संचालन और धन्यवाद ज्ञापन डॉ. राजेश अनुपम ने किया। समारोह में कॉलेज क्रीड़ा परिषद के अध्यक्ष डॉ. विजय कुमार, विश्वविद्यालय क्रीड़ा परिषद के सचिव डॉ. अशोक कुमार साह, प्रो. पुष्पा कुमारी, महेंद्र प्रसाद सहित अन्य शिक्षक एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।