खेल मैदान में दिखा खिलाड़ियों का हुनर, खो-खो, गतका और वुशु में शानदार प्रदर्शन
- Post By Admin on Aug 29 2026
लखीसराय : हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद की जयंती के अवसर पर 29 अगस्त को प्लस टू पब्लिक हाई स्कूल के खेल मैदान में विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में खो-खो, गतका और वुशु के मुकाबले हुए, जिसमें अलग-अलग क्षेत्रों से आए खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि वार्ड पार्षद व अधिवक्ता अमृत भाई पटेल तथा खो-खो और गतका के सचिव अमित सिंह राजपूत ने नारियल फोड़कर किया। इस दौरान खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए अमृत भाई पटेल ने कहा कि जो खिलाड़ी हारते हैं, वही दोबारा जीतने के लिए खड़े होते हैं। खेल से बच्चों का मानसिक और शारीरिक विकास होता है तथा खेल के माध्यम से अनुशासन की सीख मिलती है।
प्रतियोगिता में खो-खो के करीब 150 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। बालिका वर्ग के फाइनल मुकाबले में नॉकआउट सेल्फ डिफेंस एकेडमी गर्ल्स टीम ने सेंट मैरी इंग्लिश स्कूल, सूर्यगढ़ा को 9-3 से हराकर कप पर कब्जा जमाया। वहीं बालक वर्ग में टैलेंट क्लब मुस्तफापुर की टीम ने नॉकआउट सेल्फ डिफेंस एकेडमी, सूर्यगढ़ा की टीम को 11-4 से पराजित कर खिताब अपने नाम किया। प्रतियोगिता के दौरान गतका और वुशु के खिलाड़ियों ने भी शानदार प्रदर्शन किया। खिलाड़ियों ने अपनी खेल प्रतिभा और कौशल का प्रदर्शन करते हुए दर्शकों की खूब सराहना बटोरी।
राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर प्रतियोगिता में शामिल सभी खिलाड़ियों को मुख्य अतिथि की ओर से कलम देकर सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता में रेफरी की भूमिका गुड़िया कुमारी, गुंजन कुमार और धीरज कुमार ने निभाई। आयोजन के दौरान खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में उत्साह का माहौल रहा।