राष्ट्रीय खेल दिवस पर केंद्रीय विद्यालय झपहाँ में खेलकूद और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन
- Post By Admin on Aug 29 2026
मुजफ्फरपुर: केंद्रीय विद्यालय सीआरपीएफ झपहाँ में 29 अगस्त 2026 को राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर विभिन्न खेलकूद प्रतियोगिताओं और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए खेल प्रतिभा और रचनात्मक क्षमता का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम की शुरुआत प्रार्थना सभा में दीप प्रज्वलन एवं मेजर ध्यानचंद के चित्र पर माल्यार्पण से हुई। विद्यालय के प्रभारी प्राचार्य बी.के. सिंह ने विद्यार्थियों को राष्ट्रीय खेल दिवस के महत्व और जीवन में खेलों की भूमिका के बारे में जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ खेलों में भी सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया। इसके बाद कक्षा नौवीं की छात्रा दिव्या कुमारी ने गणेश वंदना की प्रस्तुति दी। विद्यार्थियों की मनमोहक प्रस्तुति ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। मॉर्निंग असेंबली के दौरान विद्यार्थियों ने रोप स्किपिंग, वॉलीबॉल, हॉकी और मॉक ड्रिल का आकर्षक प्रदर्शन किया। संजीत कुमार ने विद्यार्थियों को खेलों के महत्व के साथ अनुशासन, टीम भावना और खेल भावना के बारे में प्रेरित किया। इस दौरान विद्यालय के राष्ट्रीय स्तर के प्रतिभागी प्रांजल कुमार का विशेष रूप से उत्साहवर्धन किया गया। उन्होंने राष्ट्रीय स्तर की स्विमिंग प्रतियोगिता में चौथा स्थान हासिल कर केंद्रीय विद्यालय सीआरपीएफ कैंप झपहाँ, मुजफ्फरपुर का नाम गौरवान्वित किया है।
प्राथमिक संभाग के विद्यार्थियों के लिए 50 मीटर दौड़, 100 मीटर दौड़ और लेमन रेस समेत विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। नन्हे खिलाड़ियों ने पूरे उत्साह और खेल भावना के साथ प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों के बीच वॉलीबॉल प्रतियोगिता भी हुई। खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट खेल कौशल, अनुशासन और टीम भावना का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में रमन हाउस ने प्रथम, अशोक हाउस ने द्वितीय और शिवाजी हाउस ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजेता एवं प्रतिभागी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दी गईं। कार्यक्रम का संचालन श्री अरविंद कुमार के नेतृत्व में किया गया। प्राथमिक संभाग के शिक्षकों के सहयोग से विभिन्न खेल गतिविधियों और प्रतियोगिताओं को व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया गया।इस अवसर पर विद्यालय के सभी शिक्षक एवं कर्मचारी मौजूद रहे। पूरे कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों में खेलों के प्रति उत्साह और राष्ट्रीय खेल दिवस को लेकर उमंग का माहौल बना रहा।