लखीसराय : शहर के रामगढ़ प्रखंड के अंतर्गत पनघरा ग्राम में सात दिवसीय श्रीमद् भागवत कथा ज्ञान यज्ञ का आयोजन किया जा रहा है। कथा वाचन हेतु परम पूज्य देवकी नंदन ठाकुर के शिष्य पवन देव जी महाराज श्री धाम वृंदावन से पधारें हैं। कार्यक्रम का शुभारंभ लोजपा नेता रविशंकर प्रसाद सिंह उर्फ अशोक सिंह, पूर्वी सलेमपुर के पूर्व मुखिया प्रियरंजन सिंह ने संयुक्त रूप से किया।
भागवत कथा आयोजन से पूर्व भव्य कलश शोभा यात्रा का आयोजन किया गया। पंडित आचार्य ने सामुहिक रूप से मंत्रोच्चारण के साथ कलश की पूजा अर्चना की। कलश शोभा यात्रा में 151 कन्याएं और बड़ी संख्या में सभी उम्र वर्ग के महिला-पुरूष श्रद्धालु शामिल हुए। माथे पर कलश और मुख से जयकारे की घोष से सम्पूर्ण यात्रा मार्ग गुंजायमान रहा। कलश यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं द्वारा लगातार फूलों की बारिश की गई। शोभा यात्रा की झलक पाने के लिए यात्रा मार्ग पर सड़क के दोनों ओर लोगों की भारी भीड़ उमड़ती रही। आगे डीजे पर बजते भक्ति गीत पीछे से हाथी घोड़े एवं सबसे पीछे माथे पर कलश उठाए कन्याएं जयकारे के साथ आगे बढ़ती रही।
सात दिवसीय श्री भागवत कथा प्रत्येक दिन संध्या 6 बजे से रात्रि 9 बजे तक राम सुमरन सिंह के आवास पर आयोजित की जाएगी। कार्यक्रम को दौरान अमर, ज्योति, गौरव कुमार इत्यादि लोग उपस्थित रहे।




















