विकास की राह पर लखीसराय, 10 अरब रुपए की विकास राशि स्वीकृत

  • Post By Admin on Mar 02 2025
विकास की राह पर लखीसराय, 10 अरब रुपए की विकास राशि स्वीकृत

लखीसराय : मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा प्रगति यात्रा के दौरान लखीसराय जिले के लिए घोषित आठ बड़ी योजनाओं को लेकर अब तक 10 अरब रुपए की स्वीकृति मिल चुकी है। इस संबंध में जिलाधिकारी मिथिलेश मिश्र ने प्रेस वार्ता आयोजित कर विस्तृत जानकारी दी।  

डीएम ने बताया कि इन योजनाओं के तहत लखीसराय से नालंदा जिले के सरमेरा तक 481.83 करोड़ रूपए की लागत से ग्रीन फील्ड सड़क का निर्माण किया जाएगा। इसके अलावा, सतसंडा पहाड़ पर 6.83 करोड़ की लागत से कैफेटेरिया, प्रवेश द्वार, गार्ड रूम, शौचालय सहित अन्य सुविधाओं का विकास किया जाएगा।  

राज्य स्तरीय स्मारक घोषित लाली पहाड़ी पर 29.28 करोड़ की लागत से स्थल संरक्षण का कार्य किया जाएगा। वहीं, हलसी प्रखंड के सिरखंडी गांव में 182 करोड़ और बड़हिया नगर परिषद में 63.40 करोड़ की लागत से ग्रिड सब स्टेशन का निर्माण प्रस्तावित है।  

इसके अलावा, बड़हिया के बीएनएम कॉलेज से मरांची गांव तक 116 करोड़ रूपए की लागत से ग्रामीण सड़क चौड़ीकरण परियोजना को भी मंजूरी दी गई है। डीएम ने बताया कि ग्रामीण सड़कों के विस्तारीकरण और अन्य निर्माण कार्यों पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

इन परियोजनाओं के पूरा होने से लखीसराय के आधारभूत संरचना, बिजली आपूर्ति और परिवहन सुविधाओं में बड़ा सुधार होगा, जिससे स्थानीय नागरिकों को सीधा लाभ मिलेगा।