लखीसराय में मजदूर दिवस समारोह, श्रमिक कल्याण योजनाओं पर दिया गया जोर

  • Post By Admin on May 02 2026
लखीसराय में मजदूर दिवस समारोह, श्रमिक कल्याण योजनाओं पर दिया गया जोर

लखीसराय : अंतरराष्ट्रीय मजदूर दिवस के अवसर पर शुक्रवार को जिला समाहरणालय स्थित मंत्रणा कक्ष में एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। विभागीय निर्देशानुसार आयोजित इस कार्यक्रम में जिले के वरीय पदाधिकारियों के साथ-साथ विभिन्न पंचायतों से आए बड़ी संख्या में श्रमिकों ने भाग लिया।

कार्यक्रम में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश, जिलाधिकारी, सचिव डालसा, प्रधान न्यायाधीश परिवार न्यायालय तथा मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी सहित कई वरीय अधिकारी मुख्य रूप से उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त अपर समाहर्ता, उप विकास आयुक्त, जिला बंदोबस्त पदाधिकारी, श्रम अधीक्षक, श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी एवं सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।

इस अवसर पर उपस्थित पदाधिकारियों एवं अतिथियों ने संयुक्त रूप से श्रमिकों को संबोधित करते हुए उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य श्रमिकों को उनके कानूनी अधिकारों, कार्यस्थल पर सुरक्षा और स्वास्थ्य संबंधी सुविधाओं के बारे में जानकारी देना था।

वक्ताओं ने श्रम विभाग द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी और श्रमिकों से इन योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की। उन्होंने कहा कि सरकार श्रमिकों के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है और उनके कल्याण के लिए लगातार प्रयासरत है।

कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों और प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापन के साथ आयोजन का समापन किया गया।