धमकी और छेड़खानी की घटनाओं से सहमा गांव, प्रशासन की भूमिका पर सवाल
- Post By Admin on May 02 2026
लखीसराय : जिले के अमहरा थाना क्षेत्र अंतर्गत बभनगावां गांव में इन दिनों स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है। ग्रामीणों के बीच भय और असुरक्षा का माहौल व्याप्त है, जिससे कानून-व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल उठने लगे हैं।
ग्राम पंचायत अमहरा के पूर्व उप मुखिया शैलेंद्र सिंह द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति में दावा किया गया है कि गांव में संदिग्ध गतिविधियों और अज्ञात लोगों की आवाजाही लगातार बढ़ रही है, जिससे किसी बड़ी घटना की आशंका जताई जा रही है। बताया गया कि इस विवाद की जड़ वर्ष 2020 का एक चर्चित अपहरण मामला है, जिसमें न्यायालय के हस्तक्षेप के बाद मुख्य आरोपी को जेल भेजा गया था।
प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, आरोपी के जमानत पर बाहर आने के बाद से पीड़ित परिवार पर केस वापस लेने का दबाव बनाया जा रहा है। आरोप है कि आरोपी द्वारा हथियारों की तस्वीरें भेजकर जान से मारने की धमकी भी दी गई है।
इसी क्रम में 29 अप्रैल 2026 को मनकठ्ठा स्टेशन पर पीड़ित परिवार की एक महिला के साथ कथित छेड़खानी और लज्जाभंग की घटना सामने आई है। पीड़ित पक्ष का कहना है कि कई बार पुलिस को सूचना देने के बावजूद अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। साथ ही यह भी आरोप लगाया गया है कि आरोपी पक्ष को कथित रूप से संरक्षण मिलने के कारण पुलिस निष्पक्ष कार्रवाई करने के बजाय पीड़ितों पर ही दबाव बना रही है।
वर्तमान हालात को देखते हुए पीड़ित परिवार ने अपनी जान को खतरा बताया है और किसी बड़ी घटना की आशंका जताई है। पूर्व उप मुखिया शैलेंद्र सिंह ने मामले की उच्च स्तरीय निष्पक्ष जांच कराने और पीड़ित परिवार को तत्काल सुरक्षा प्रदान करने की मांग की है।
उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते आरोपियों की गिरफ्तारी और संबंधित पुलिस पदाधिकारियों की भूमिका की जांच नहीं की गई, तो क्षेत्र में शांति-व्यवस्था बिगड़ सकती है। स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन से शीघ्र और सख्त कार्रवाई की अपेक्षा जताई है, ताकि आम नागरिकों का कानून पर भरोसा कायम रह सके।