पश्चिम बंगाल के 15 बूथों पर आज पुनर्मतदान, हिंसा और गड़बड़ी के कारण आयोग का फैसला

  • Post By Admin on May 02 2026
पश्चिम बंगाल के 15 बूथों पर आज पुनर्मतदान, हिंसा और गड़बड़ी के कारण आयोग का फैसला

कोलकाता : चुनाव आयोग ने पश्चिम बंगाल के 15 मतदान केंद्रों पर दोबारा मतदान कराने का निर्णय लिया है। इन सभी बूथों पर 2 मई को पुनर्मतदान कराया जा रहा है।

आयोग के अनुसार, जिन बूथों पर 29 अप्रैल को मतदान हुआ था, वहां की प्रक्रिया को निरस्त कर दिया गया है और अब नए सिरे से वोट डाले जाएंगे। पुनर्मतदान के लिए चयनित बूथों में 11 मगराहाट पश्चिम विधानसभा क्षेत्र और 4 डायमंड हार्बर विधानसभा क्षेत्र के शामिल हैं।

मगराहाट पश्चिम के जिन बूथों पर दोबारा मतदान हो रहा है, उनमें बूथ संख्या 46, 126, 127, 128, 142, 214, 215, 216, 230, 231 और 232 शामिल हैं। वहीं, डायमंड हार्बर के बूथ संख्या 117, 179, 194 और 243 पर भी पुनर्मतदान कराया जा रहा है।

चुनाव आयोग ने बताया कि इन बूथों पर मतदान के दौरान हिंसा और व्यवधान की घटनाएं सामने आई थीं, जिससे निष्पक्ष मतदान प्रक्रिया प्रभावित हुई। इसके अलावा कुछ स्थानों पर इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM) में तकनीकी खराबी की शिकायतें भी मिली थीं।

आयोग ने निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए पुनर्मतदान का निर्णय लिया है। सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं, ताकि इस बार मतदान प्रक्रिया बिना किसी बाधा के संपन्न हो सके।