'द बर्निंग ट्रेन' बनने से बची कोसी एक्सप्रेस : एसी कोच में लगी आग, दहशत में ट्रेन से कूदे यात्री

  • Post By Admin on Aug 12 2026
'द बर्निंग ट्रेन' बनने से बची कोसी एक्सप्रेस : एसी कोच में लगी आग, दहशत में ट्रेन से कूदे यात्री

सहरसा : पूर्णिया कोर्ट से सहरसा होते हुए हटिया (रांची) जा रही 18625 कोसी एक्सप्रेस बुधवार की सुबह एक बड़े हादसे का शिकार होने से बाल-बाल बच गई। सोनवर्षा कचहरी और सिमरी बख्तियारपुर स्टेशन के बीच ट्रेन के थर्ड एसी इकोनॉमी कोच (M-2) में अचानक आग लग गई। पहियों से उठती आग की लपटों और डिब्बे में तेजी से फैलते धुएं को देखकर यात्रियों में चीख-पुकार मच गई और खौफजदा लोग जान बचाने के लिए नीचे कूदने लगे।

गेटमैन की सतर्कता से टली बड़ी त्रासदी

घटना सुबह करीब 5:30 बजे की है। सिमरी बख्तियारपुर स्टेशन से ठीक पहले रेलवे फाटक संख्या 19 पर तैनात गेटमैन ने कोच से निकलता धुआं और पहियों से उठती लपटें देख लीं। उसने बिना देरी किए तुरंत सिमरी बख्तियारपुर के स्टेशन मास्टर को फोन कर अलर्ट किया। सूचना मिलते ही स्टेशन पर इमरजेंसी की स्थिति घोषित कर दी गई।

दमकल की गाड़ियों ने पाया आग पर काबू

ट्रेन के सिमरी बख्तियारपुर स्टेशन पहुंचते ही स्टेशन मास्टर, आरपीएफ जवान, ट्रेन चालक और गार्ड ने बोगी में लगे अग्निशमन यंत्रों से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। स्थिति बेकाबू होते देख सुबह 5:35 बजे अग्निशमन विभाग को सूचित किया गया। 10 मिनट के भीतर पहुंची दमकल की गाड़ी ने पानी का छिड़काव कर सुबह 5:57 बजे आग पर पूरी तरह से काबू पा लिया।

जांच के बाद रवाना हुई ट्रेन

रेलवे अधिकारियों, स्टेशन मास्टर और ट्रेन चालकों ने आग पूरी तरह बुझने के बाद ट्रेन को आगे-पीछे चलाकर तकनीकी जांच की। स्थिति पूरी तरह सुरक्षित पाए जाने के बाद सुबह 6:13 बजे कोसी एक्सप्रेस को आगे के गंतव्य के लिए रवाना किया गया। हादसे की खबर मिलते ही आरपीएफ इंस्पेक्टर धनंजय कुमार सहित रेलवे के कई वरिष्ठ अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।