​₹10 और ₹20 के प्लास्टिक नोटों पर बड़ा फैसला : RBI को मिली फील्ड ट्रायल की हरी झंडी

  • Post By Admin on Aug 12 2026
​₹10 और ₹20 के प्लास्टिक नोटों पर बड़ा फैसला : RBI को मिली फील्ड ट्रायल की हरी झंडी

नई दिल्ली : देश में जल्द ही प्लास्टिक यानी पॉलिमर के नोट चलन में नजर आने वाले हैं। केंद्र सरकार ने संसद में इस बात की आधिकारिक पुष्टि करते हुए भारतीय रिजर्व बैंक के उस प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है, जिसके तहत 10 और 20 रुपए के प्लास्टिक नोटों का फील्ड ट्रायल किया जाएगा।

आरबीआई इस परीक्षण के लिए 10 रुपए मूल्य के 100 करोड़ और 20 रुपए मूल्य के 100 करोड़ यानी कुल 200 करोड़ प्लास्टिक नोट जारी करने की योजना बना रहा है। वित्त मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि कागजी नोटों को बंद करने का कोई विचार नहीं है और ये नए प्लास्टिक नोट मौजूदा कागजी नोटों के साथ समानांतर रूप से बाजार में चलन में बने रहेंगे।

छोटे मूल्य वर्ग के नोट आम जनता के बीच सबसे तेजी से उपयोग में आते हैं, जिसके कारण कागजी नोट बहुत जल्दी फट और गल जाते हैं। इसी समस्या के समाधान के रूप में प्लास्टिक नोट पेश किए जा रहे हैं। ये नोट कागजी नोटों की तुलना में 3 से 4 गुना अधिक टिकाऊ होते हैं। पानी में भीगने पर भी ये खराब नहीं होते और इन पर धूल-मिट्टी कम चिपकती है। इसके अलावा, प्लास्टिक नोटों में बेहद उन्नत सिक्योरिटी फीचर्स जोड़े जा सकते हैं, जिससे नकली नोट बनाना लगभग नामुमकिन हो जाता है।

वित्त मंत्रालय के अनुसार, फिलहाल अंतरराष्ट्रीय कंपनियों से पॉलिमर शीट्स और सुरक्षा फीचर्स के लिए बोलियां मंगाने की प्रक्रिया जारी है। ट्रायल के सफल परिणामों के आधार पर रिजर्व बैंक इन नोटों की उपलब्धता को धीरे-धीरे पूरे देश में बढ़ाने पर विचार करेगा।