मुजफ्फरपुर: बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के साहेबगंज थाना क्षेत्र के हुस्सेपुर गांव में पुलिस ने नकली नोटों के कारोबार का खुलासा किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान वीरेंद्र सहनी के रूप में हुई है। उसके पास से 500 रुपये के 28 जाली नोट बरामद किए गए हैं, जिनकी कुल कीमत 14 हजार रुपये बताई गई है।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी करीब 20 हजार रुपये के नकली नोट लेकर आया था। इनमें से 6 हजार रुपये के जाली नोट वह स्थानीय बाजार में चला चुका था, जबकि बाकी 14 हजार रुपये पुलिस ने बरामद कर लिए। गुप्त सूचना मिलने के बाद सरैया एसडीपीओ के नेतृत्व में विशेष टीम ने छापेमारी कर उसे गिरफ्तार किया। पूछताछ में नकली नोटों की आपूर्ति करने वाले संगठित गिरोह के सक्रिय होने के संकेत मिले हैं। शुरुआती जांच में नेपाल और बांग्लादेश से जुड़े कुछ लोगों के संपर्क की आशंका भी सामने आई है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि नकली नोट कहां तैयार किए गए और किन रास्तों से बिहार के बाजारों तक पहुंचाए जा रहे थे।

मामले की जांच के लिए विशेष टीम गठित की गई है। एनआईए समेत अन्य केंद्रीय जांच एजेंसियों को भी सूचना दी गई है। पुलिस बाजार में पहले से खपाए गए नकली नोटों और गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश कर रही है।