लखीसराय : जिले में पात्र परिवारों को खाद्य सुरक्षा योजना से जोड़ने के उद्देश्य से गुरुवार को नए राशन कार्ड का वितरण किया गया। समाहरणालय स्थित एनआईसी सभागार में उपभोक्ता संरक्षण विभाग के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी शैलेंद्र कुमार ने लाभार्थियों को राशन कार्ड प्रदान किए।
कार्यक्रम का आयोजन मुख्यमंत्री के राज्यस्तरीय वितरण समारोह के लाइव प्रसारण के साथ किया गया। इस दौरान मुख्यमंत्री की ओर से लखीसराय के जितेंद्र कुमार और धनिक यादव, सूर्यगढ़ा की अन्नू प्रेमा, लखीसराय के नया बाजार निवासी सुनील कुमार तथा चानन प्रखंड के मुद्रिका मांझी को राशन कार्ड वितरित किए गए। वहीं, जिलाधिकारी ने बड़हिया प्रखंड की निभा देवी और मंजू देवी तथा चानन प्रखंड की काजल कुमारी और रूपम कुमारी को नए राशन कार्ड सौंपे।
कार्यक्रम में बताया गया कि राज्य सरकार ने एक करोड़ लोगों को राशन कार्ड से लाभान्वित करने का लक्ष्य निर्धारित किया है। इसके विरुद्ध अब तक करीब 24 लाख लोगों को राशन कार्ड उपलब्ध कराया जा चुका है। शेष पात्र परिवारों को भी जल्द इस सुविधा से जोड़ने का निर्देश दिया गया है। इसके लिए पंचायत स्तर पर विशेष शिविर आयोजित कर अधिक से अधिक पात्र परिवारों को योजना का लाभ देने पर जोर दिया गया। जिन पंचायतों में अब तक राशन कार्ड नहीं बन पाए हैं, वहां विशेष अभियान चलाकर पात्र लाभार्थियों की पहचान और कार्ड वितरण की प्रक्रिया पूरी करने का निर्देश दिया गया।
वरिष्ठ नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए अगले माह से उनके घर तक राशन पहुंचाने की व्यवस्था शुरू करने का भी निर्देश दिया गया। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों से सरकारी योजनाओं का लाभ पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से सभी पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाने को कहा। इस अवसर पर अनुमंडल पदाधिकारी प्रभाकर कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रवि कुमार सहित संबंधित कर्मचारी और लाभार्थी उपस्थित रहे।
















