लखीसराय : विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम-2027 के तहत गुरुवार को मतदाता सूची का प्रारूप प्रकाशित कर दिया गया। इस संबंध में गुरुवार को समाहरणालय स्थित जिलाधिकारी कार्यालय प्रकोष्ठ में मीडिया कर्मियों और मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक की संयुक्त अध्यक्षता जिलाधिकारी शैलेन्द्र कुमार और पुलिस अधीक्षक प्रेरणा कुमार ने की।

बैठक में बताया गया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार एक जनवरी 2027 की अर्हता तिथि के आधार पर मतदाता सूची का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण किया जा रहा है। प्रारूप सूची के प्रकाशन के बाद 12 नवंबर से 11 दिसंबर 2026 तक नाम जोड़ने, हटाने और संशोधन के लिए दावा-आपत्ति दर्ज कराई जा सकेगी। इस प्रक्रिया को लेकर 21 और 22 नवंबर तथा पांच और छह दिसंबर को विशेष अभियान दिवस आयोजित किए जाएंगे। प्राप्त दावा-आपत्तियों का निष्पादन 28 दिसंबर तक किया जाएगा। इसके बाद चार जनवरी 2027 को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन होगा। मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए प्रपत्र-6, नाम हटाने के लिए प्रपत्र-7 और विवरण में संशोधन के लिए प्रपत्र-8 के माध्यम से आवेदन किया जा सकता है। मतदाता वोटर हेल्पलाइन ऐप और एनवीएसपी पोर्टल के जरिए ऑनलाइन आवेदन भी कर सकते हैं।

जिलाधिकारी ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों और संबंधित पदाधिकारियों से पुनरीक्षण कार्यक्रम में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की, ताकि कोई भी पात्र मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे। बैठक में अपर समाहर्ता नीरज कुमार, उप विकास आयुक्त सुमित कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रवि कुमार, नजारत उपसमाहर्ता प्राची कुमारी सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।