लखीसराय : महिलाओं को सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करने और बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति के खिलाफ जनभागीदारी बढ़ाने के उद्देश्य से गुरुवार को श्रीकिशुन पंचायत के आंगनबाड़ी केंद्र संख्या 315 पर सखी वार्ता कार्यक्रम आयोजित किया गया। महिला एवं बाल विकास निगम के तत्वावधान में महिला सशक्तिकरण केंद्र की ओर से आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता मुखिया प्रतिनिधि अशोक पासवान ने की।
कार्यक्रम में महिलाओं को महिला एवं बाल विकास निगम के माध्यम से संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई। इनमें वन स्टॉप सेंटर, महिला हेल्पलाइन नंबर 181, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ, महिला सशक्तिकरण केंद्र, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, शक्ति सदन और पालना योजना शामिल हैं। महिलाओं को इन योजनाओं के उद्देश्य, मिलने वाले लाभ और उनका लाभ उठाने की प्रक्रिया समझाई गई।
इस दौरान बाल विवाह के दुष्परिणामों और इससे संबंधित कानूनी प्रावधानों पर भी चर्चा हुई। वक्ताओं ने बाल विवाह रोकने में परिवार और समाज की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने बाल विवाह नहीं करने और इसे रोकने के लिए जागरूकता फैलाने की सामूहिक शपथ ली। मौके पर जिला मिशन समन्वयक प्रशांत कुमार, लैंगिक विशेषज्ञ नवीन कुमार, विकासार्थ ट्रस्ट के जिला समन्वयक संजय कुमार सहित आंगनबाड़ी सेविका, सहायिका और बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाएं मौजूद रहीं।
















