लखीसराय : जिले के प्रसिद्ध श्रृंगीऋषि मंदिर धाम की व्यवस्था और दानपेटी की राशि में अनियमितता का गंभीर मामला सामने आया है। मंदिर के पुजारी चतुरानंद पाठक ने गुरुवार को जिलाधिकारी को एक लिखित आवेदन सौंपकर ट्रस्ट कमेटी के कुछ सदस्यों पर दान की राशि के दुरुपयोग और मंदिर की उपेक्षा करने का आरोप लगाया है।
पुजारी चतुरानंद पाठक ने अपने आवेदन में बताया है कि उनके परिवार की तीन पीढ़ियां लगातार इस मंदिर में पूजा-पाठ का कार्य करती आ रही हैं। उनका आरोप है कि वर्ष 2022 से मंदिर की नियमित साफ-सफाई और रखरखाव पर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। इस वर्ष मंदिर का रंग-रोगन भी नहीं कराया गया है और कई वर्षों से आवश्यक निर्माण एवं मरम्मत के कार्य लंबित पड़े हैं। आवेदन में यह भी कहा गया है कि श्रद्धालुओं द्वारा दानपेटी में अर्पित की जाने वाली राशि को ट्रस्ट कमेटी के कुछ सदस्यों द्वारा बिना किसी उचित हिसाब-किताब के निकाल लिया जाता है। पुजारी के अनुसार, जब इस अव्यवस्था और वित्तीय अनियमितता के खिलाफ आवाज उठाई जाती है, तो संबंधित सदस्यों द्वारा अभद्र व्यवहार किया जाता है और बुरा अंजाम भुगतने की धमकी भी दी जाती है। इससे मंदिर की व्यवस्था के साथ-साथ श्रद्धालुओं की आस्था भी आहत हो रही है।
पुजारी ने जिलाधिकारी से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराकर दानपेटी की राशि और आय-व्यय का पूरा हिसाब सार्वजनिक करने की मांग की है। साथ ही, ट्रस्ट कमेटी के सदस्यों से स्पष्टीकरण मांगते हुए अनियमितता साबित होने पर कमेटी को भंग या पुनर्गठित करने और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की गुहार लगाई है।
















