​बिहार में 2 रुपए के पर्चे पर मिलेगा इलाज, केंद्र सरकार ने दी 598 नए स्वास्थ्य केंद्रों की सौगात

  • Post By Admin on Aug 12 2026
​बिहार में 2 रुपए के पर्चे पर मिलेगा इलाज, केंद्र सरकार ने दी 598 नए स्वास्थ्य केंद्रों की सौगात

पटना : बिहार में शहरी स्वास्थ्य सेवाओं का दायरा बढ़ाते हुए केंद्र सरकार ने राज्य को एक बड़ी सौगात दी है। राष्ट्रीय शहरी स्वास्थ्य मिशन के तहत प्रदेश के शहरी क्षेत्रों में कुल 598 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खोले जाएंगे। इस पहल से खास तौर पर झुग्गी-झोपड़ियों और स्लम बस्तियों में रहने वाली आबादी को सीधे तौर पर किफायती व गुणवत्तापूर्ण इलाज का लाभ मिलेगा।

वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए मंजूर इस योजना के तहत राज्य में 164 शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और 434 शहरी हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर संचालित किए जाएंगे। इन केंद्रों पर इलाज व जांच सुविधाएं पूरी तरह निशुल्क रहेंगी, जबकि ओपीडी परामर्श के लिए मरीजों को केवल 2 रुपये का पर्चा कटवाना होगा।

मरीजों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए अस्पतालों का समय तय कर दिया गया है। शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सुबह 11 बजे से शाम 7 बजे तक चलेंगे, जबकि हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक संचालित होंगे। इन केंद्रों पर कुल 12 तरह की मुख्य स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध रहेंगी, जिनमें ओपीडी, मातृ एवं शिशु देखभाल, नियमित टीकाकरण, परिवार नियोजन परामर्श, संक्रामक व गैर-संक्रामक बीमारियों की जांच और मुफ्त दवाओं का वितरण शामिल है। इसके अतिरिक्त, स्लम क्षेत्रों में स्वास्थ्य पहुंच बेहतर करने के लिए विशेष रिमोट हेल्थ कैंप और आयुष्मान आरोग्य शिविर भी आयोजित किए जाएंगे।

एक विशेष कार्ययोजना के तहत पटना स्मार्ट सिटी लिमिटेड और राज्य स्वास्थ्य विभाग की सहभागिता से राजधानी में संचालित 11 जन सेवा केंद्रों को भी शहरी हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर में तब्दील किया जाएगा। केंद्र सरकार ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए इन 11 केंद्रों के संचालन को भी अपनी मंजूरी दे दी है।