कविवर उमाकांत वर्मा जन्मशताब्दी समारोह में कठपुतली कलाकार सुनील कुमार सम्मानित

  • Post By Admin on Aug 30 2026
कविवर उमाकांत वर्मा जन्मशताब्दी समारोह में कठपुतली कलाकार सुनील कुमार सम्मानित

मुजफ्फरपुर: सरला श्रीवास सोशल कल्चरल रिसर्च फाउंडेशन, मालीघाट में रविवार को संस्थान की संरक्षक एवं कठपुतली कलाकार कांता देवी की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। इस दौरान उन्होंने हाजीपुर, वैशाली स्थित जयप्रकाश इवनिंग इंटर कॉलेज में आयोजित कविवर प्रो. उमाकांत वर्मा जन्मशताब्दी समारोह की जानकारी साझा की।

जन्मशताब्दी समारोह में पटना उच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति राजकुमार, बिहार महिला परिषद की अध्यक्ष चंदना सहाय, कविवर प्रो. उमाकांत वर्मा की पुत्री डॉ. किरण वर्मा, जयप्रकाश इवनिंग इंटर कॉलेज की प्राचार्या डॉ. अनीता सहाय, कवि अखौरी चंद्रशेखर सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। समारोह में सरला श्रीवास सोशल कल्चरल रिसर्च फाउंडेशन के सचिव एवं कठपुतली कलाकार सुनील कुमार को कविवर प्रो. उमाकांत वर्मा जन्मशताब्दी सम्मान से सम्मानित किया गया। पटना उच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति राजकुमार ने उन्हें अंगवस्त्र, स्मृतिचिह्न एवं मेडल प्रदान कर सम्मानित किया। सम्मान प्राप्त करने के बाद सुनील कुमार ने कविवर प्रो. उमाकांत वर्मा जन्मशताब्दी समारोह समिति, हाजीपुर के अध्यक्ष संजय वर्मा के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान लोककला, साहित्य और संस्कृति के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों के लिए प्रेरणा प्रदान करता है।

समारोह के दौरान बज्जिका साहित्य के दिवंगत विद्वानों के परिजनों को ‘बज्जि-रत्न शाश्वत सम्मान’ तथा साहित्यकारों को ‘बज्जि-रत्न शिखर सम्मान’ प्रदान किया गया। वहीं बज्जिका कला, पुस्तक सेवा, संस्कृति, नाटक और सिनेमा सहित विभिन्न क्षेत्रों में योगदान देने वाले लोगों को ‘बज्जि कला-संस्कृति सेवा सम्मान’ से सम्मानित किया गया। सुनील कुमार को सम्मान मिलने पर शांति सेना के संयोजक सोनू सरकार, सामाजिक कार्यकर्ता शम्भू मोहन प्रसाद, साईं सेवादार अविनाश कुमार, परफेक्ट सोलुशन सोसाइटी के सचिव अनिल कुमार ठाकुर, पथ परिवर्तन के विक्रम जयनारायण निषाद, समसी युवा विकास मंच के मोहम्मद हसीब, अमन चिल्ड्रेन स्कूल की प्राचार्या बबिता ठाकुर एवं सरला श्रीवास युवा मंडल की अध्यक्ष सुमन कुमारी ने बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।