लखीसराय में जनकल्याण संवाद, विजय सिन्हा बोले- प्राकृतिक खेती से बनेगा स्वस्थ समाज
- Post By Admin on Aug 30 2026
लखीसराय : रविवार को विधानसभा प्रधान कार्यालय, लखीसराय में आयोजित ‘जनकल्याण संवाद’ कार्यक्रम में बिहार सरकार के कृषि मंत्री सह स्थानीय विधायक विजय कुमार सिन्हा ने लखीसराय और आसपास के क्षेत्रों से आए नागरिकों की समस्याएं सुनीं। जनता की समस्याओं की गंभीरता को देखते हुए उन्होंने संबंधित प्रशासनिक पदाधिकारियों से दूरभाष पर बात कर उनके त्वरित और प्रभावी निष्पादन के निर्देश दिए।
जनकल्याण संवाद के बाद पत्रकारों से बातचीत में विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि बिहार सरकार किसान समृद्धि, महिला उद्यमिता, युवाओं के लिए रोजगार और श्रमिक कल्याण के क्षेत्र में व्यापक स्तर पर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि बिहार के युवाओं की प्रतिभा का सम्मान करते हुए रोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। कृषि क्षेत्र में रोजगार की व्यापक संभावनाएं हैं और युवाओं को आधुनिक तकनीक से जोड़कर इसे अधिक लाभकारी बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक खेती को जन-आंदोलन का रूप देकर किसानों की समृद्धि और स्वस्थ समाज के निर्माण की दिशा में सरकार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि रासायनिक उर्वरकों और कीटनाशकों के अत्यधिक इस्तेमाल से खाद्य गुणवत्ता और जनस्वास्थ्य प्रभावित हो रहा है। ऐसे में प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देना समय की जरूरत है।
कृषि मंत्री ने कहा कि सरकार ‘खेत बचाओ’ अभियान के माध्यम से प्राकृतिक खेती को जन-आंदोलन बनाने की दिशा में काम कर रही है। उन्होंने जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और एनडीए कार्यकर्ताओं से अपनी कम से कम एक-तिहाई कृषि भूमि पर प्राकृतिक खेती अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वस्थ समाज के संकल्प को साकार करने के लिए प्राकृतिक खेती का संदेश घर-घर तक पहुंचाना जरूरी है। जनसंवाद पोर्टल के संबंध में उन्होंने कहा कि जनता की छोटी-बड़ी समस्याओं के समाधान के लिए सरकार पूरी संवेदनशीलता के साथ काम कर रही है। उन्होंने कहा कि बिहार में डबल इंजन की सरकार विकास को गति देने के लिए प्रतिबद्ध है। जिला परिषद सदस्यों के धरने से जुड़े सवाल पर उन्होंने कहा कि प्रशासनिक स्तर पर नियमसंगत कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
नेपाल में आई प्राकृतिक आपदा और बिहार में संभावित बाढ़ की स्थिति को लेकर विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार पूरी तरह सजग और तैयार है। प्रशासन को लगातार स्थिति की निगरानी करने के साथ राहत और बचाव से जुड़ी सभी पूर्व तैयारियां पूरी रखने के निर्देश दिए गए हैं। कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक कुमार सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष देवानंद साहू, जिला प्रभारी संजय कुमार सिंह, महामंत्री सनोज साहू, विकास आनंद सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी, एनडीए कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में आम नागरिक मौजूद रहे।