जमुई की घटना के खिलाफ सड़क पर उतरे छात्र-युवा, AIDSO ने की कठोर कार्यवाई की मांग
- Post By Admin on Sep 22 2026
मुजफ्फरपुर : जमुई में दसवीं कक्षा की नाबालिग छात्रा के साथ हुई कथित अमानवीय घटना के विरोध में मंगलवार को ऑल इंडिया डेमोक्रेटिक स्टूडेंट्स ऑर्गेनाइजेशन (AIDSO), मुजफ्फरपुर की ओर से प्रतिवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। मोतीझील स्थित जिला कार्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में छात्र-युवाओं ने महिलाओं और छात्राओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा घटना के आरोपितों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग उठाई।
प्रतिवाद के दौरान छात्र-युवाओं ने दोषियों को उदाहरणमूलक सजा देने, अश्लीलता और नशाखोरी पर रोक लगाने, महिलाओं एवं छात्राओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने और शिक्षा-संस्कृति पर हमले बंद करने की मांग को लेकर नारे लगाए। संगठन की ओर से कहा गया कि महिलाओं और छात्राओं के खिलाफ होने वाली घटनाओं पर प्रभावी कार्रवाई के साथ ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस कदम उठाए जाने की जरूरत है।
इस अवसर पर AIDSO के राज्य अध्यक्ष विजय कुमार ने कहा कि जमुई की नाबालिग छात्रा के साथ हुई घटना गंभीर और चिंताजनक है। उन्होंने संगठन की ओर से घटना की निंदा करते हुए दोषियों के खिलाफ कठोर और त्वरित कानूनी कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि महिलाओं और छात्राओं की सुरक्षा के लिए प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित की जानी चाहिए। विजय कुमार ने सरकार से मांग की कि मामले में शामिल दोषियों को शीघ्र कानूनी प्रक्रिया के तहत कठोर सजा दिलाई जाए। साथ ही उन्होंने महिलाओं और छात्राओं की सुरक्षा को लेकर ठोस एवं प्रभावी कदम उठाने की मांग की। संगठन ने नशाखोरी और अश्लीलता पर रोक लगाने तथा शिक्षा और स्वस्थ सामाजिक-सांस्कृतिक वातावरण को मजबूत करने पर भी जोर दिया।
कार्यक्रम में AIDSO के जिला अध्यक्ष शिव कुमार, जिला कमिटी सदस्य अली अख्तर, रूपा कुमारी, करीना कुमारी, कंचन कुमारी, सिंधु कुमारी, अरविंद कुमार, लालबाबू राय, पिहू कुमारी सहित संगठन के अन्य सदस्य एवं छात्र-युवा मौजूद रहे।