मंडल कारा लखीसराय का निरीक्षण, बंदियों को मुफ्त विधिक सहायता की दी गई जानकारी
- Post By Admin on Mar 28 2026
लखीसराय : जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, लखीसराय के सचिव के नेतृत्व में शनिवार को मंडल कारा लखीसराय का निरीक्षण किया गया। इस दौरान बंदियों को मिल रही सुविधाओं की जानकारी ली गई तथा उन्हें उपलब्ध विधिक सहायता के बारे में जागरूक किया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 28 मार्च 2026 को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव विधानंद सागर के नेतृत्व में मंडल कारा लखीसराय का दौरा किया गया। इस अवसर पर चीफ लीगल एंड डिफेंस काउंसिल श्री प्रजापति झा तथा सहायक एलएडीसीएस श्री कमलेश कुमार भी मौजूद रहे। निरीक्षण के दौरान बंदियों को मिलने वाली विभिन्न सुविधाओं का जायजा लिया गया और उनसे संबंधित समस्याओं के बारे में पूछताछ की गई।
निरीक्षण के क्रम में मंडल कारा में स्थित बहुउद्देशीय कक्ष तथा अस्पताल का भी निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने बंदियों से बातचीत कर यह जानकारी दी कि जो बंदी अपने खर्च पर अधिवक्ता रखने में सक्षम नहीं हैं, उन्हें जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से निःशुल्क विधिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
जेल प्रशासन की ओर से बताया गया कि बंदियों के पुनर्वास और आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से समय-समय पर कौशल प्रशिक्षण कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। इसके तहत मशरूम की खेती, चित्रकला, पेंटिंग, कंप्यूटर प्रशिक्षण तथा मछली पालन जैसे प्रशिक्षण दिए जा रहे हैं। इसके अलावा बंदियों के लिए एक शिक्षक की भी प्रतिनियुक्ति की गई है।
महिला वार्ड में क्रेच की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है, ताकि वहां रह रहे बच्चों की देखभाल बेहतर तरीके से की जा सके। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने जेल प्रशासन को निर्देश दिया कि बंदियों को सभी समुचित और विधि-सम्मत सुविधाएं उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए।