एलपीजी की कालाबाजारी रोकने के लिए प्रशासन सख्त, लखीसराय में कंट्रोल रूम स्थापित

  • Post By Admin on Mar 28 2026
एलपीजी की कालाबाजारी रोकने के लिए प्रशासन सख्त, लखीसराय में कंट्रोल रूम स्थापित

लखीसराय : मध्य पूर्व में चल रहे युद्ध के कारण एलपीजी गैस की आपूर्ति प्रभावित होने की आशंका को देखते हुए लखीसराय जिला प्रशासन सतर्क हो गया है। गैस एजेंसियों और विक्रेताओं के पास संभावित भीड़ और कालाबाजारी को रोकने के लिए प्रशासन द्वारा कई महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं।

जिला आपूर्ति पदाधिकारी की ओर से जारी सूचना के अनुसार, जिले के सभी प्रखंडों में प्रखंड विकास पदाधिकारी, प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी और संबंधित थानाध्यक्षों के नेतृत्व में त्रिस्तरीय धावा दल का गठन किया गया है। यह दल लगातार विभिन्न क्षेत्रों में भ्रमण कर गैस की कालाबाजारी और जमाखोरी पर नजर रखेगा। प्रशासन की ओर से अब तक जिले में कुल 50 स्थानों पर निरीक्षण भी किया जा चुका है।

प्रशासन ने सभी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में सघन छापेमारी अभियान चलाएं और उसकी रिपोर्ट जिला पदाधिकारी को उपलब्ध कराएं। साथ ही दोषी पाए जाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध गिरफ्तारी सुनिश्चित करने को भी कहा गया है। गैस वितरकों को भी सख्त निर्देश दिया गया है कि किसी भी स्थिति में गैस सिलेंडरों की जमाखोरी न करें। यदि कोई वितरक इस तरह की गतिविधियों में शामिल पाया गया तो उसके खिलाफ विधि सम्मत कठोर कार्रवाई की जाएगी।

आम लोगों की सुविधा और शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए समाहरणालय लखीसराय में एक कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। इसका दूरभाष संख्या 06346-232952 जारी किया गया है, जहां आम नागरिक अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं।

प्रशासन के अनुसार जिले की 16 गैस एजेंसियों के पास वर्तमान में कुल 3803 एलपीजी सिलेंडर उपलब्ध हैं। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे किसी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और गैस एजेंसियों पर अनावश्यक भीड़ न लगाएं, क्योंकि घरेलू उपयोग के लिए पर्याप्त गैस भंडार उपलब्ध है।

भारत सरकार के निर्देशानुसार गैस वितरण व्यवस्था को सुव्यवस्थित करने के लिए नए नियम भी लागू किए गए हैं। इसके तहत उपभोक्ता पिछले सिलेंडर की डिलीवरी के 25 दिन बाद ही अगले सिलेंडर की बुकिंग करा सकेंगे। बुकिंग के बाद दो से तीन दिनों के भीतर घरेलू गैस सिलेंडर की आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी।