मैट्रिक परीक्षा परिणाम जारी, जमुई की पुष्पांजलि कुमारी बनीं बिहार टॉपर
- Post By Admin on Mar 29 2026
पटना : बिहार विद्यालय परीक्षा समिति के अध्यक्ष आनंद किशोर ने रविवार को मैट्रिक (दसवीं) परीक्षा 2026 का परिणाम जारी कर दिया। इस वर्ष राज्य भर में 1500 से अधिक परीक्षा केंद्रों पर लगभग 16.4 लाख छात्र-छात्राएं परीक्षा में शामिल हुए थे। परिणाम घोषित होते ही विद्यार्थियों में उत्साह का माहौल देखा गया।
बोर्ड द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार इस वर्ष कुल 12,35,743 परीक्षार्थी मैट्रिक परीक्षा में सफल हुए हैं। इनमें 6,34,353 छात्राएं और 6,01,390 छात्र शामिल हैं। इस साल कुल उत्तीर्ण प्रतिशत 81.79 रहा, जो पिछले वर्ष 2025 के 82.11 प्रतिशत की तुलना में थोड़ा कम है।
परिणाम के अनुसार 4,43,723 छात्र प्रथम श्रेणी से उत्तीर्ण हुए हैं, जबकि 4,75,511 छात्रों ने द्वितीय श्रेणी में सफलता हासिल की है। वहीं 3,03,103 छात्र तृतीय श्रेणी से पास हुए हैं और 13,406 छात्र पास श्रेणी में सफल हुए हैं।
मैट्रिक परीक्षा 2026 में जमुई जिले के सिमुलतल्ला विद्यालय की छात्रा पुष्पांजलि कुमारी ने सर्वोच्च अंक प्राप्त कर पूरे बिहार में प्रथम स्थान हासिल किया है। वहीं बेगूसराय की छात्रा नाहिद सुल्ताना 489 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रही। वैशाली जिले की छात्रा सबरीन ने तीसरा स्थान प्राप्त किया है।
बिहार सरकार की ओर से मैट्रिक परीक्षा के टॉपर्स को प्रोत्साहन राशि भी दी जाएगी। इसके तहत प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले छात्र को 2 लाख रुपए, द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले को 1.5 लाख रुपए और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले को 1 लाख रुपए की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी।
छात्र अपना परिणाम बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट biharboardonline.bihar.gov.in, result.biharboardonline.org तथा matricbiharboard.com पर जाकर देख सकते हैं। इसके लिए विद्यार्थियों को वेबसाइट के होमपेज पर जाकर वार्षिक माध्यमिक परीक्षा परिणाम 2026 लिंक पर क्लिक करना होगा, इसके बाद रोल कोड और रोल नंबर दर्ज कर कैप्चा कोड भरने के बाद परिणाम स्क्रीन पर उपलब्ध हो जाएगा। भविष्य के लिए छात्र अपने अंकपत्र का प्रिंट भी सुरक्षित रख सकते हैं।