खेल और रंगों के संग मना होली मिलन, खिलाड़ियों ने दिया भाईचारे का संदेश
- Post By Admin on Mar 02 2026
लखीसराय : लखीसराय खो-खो संघ तथा नॉकआउट सेल्फ डिफेंस एकेडमी सूर्यगढ़ा के संयुक्त तत्वावधान में होली मिलन समारोह का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत व्यायाम एवं खेल गतिविधियों से हुई, जिसके बाद रंगों के पर्व होली का पारंपरिक उत्सव मनाया गया।
इस अवसर पर होली के महत्व पर प्रकाश डालते हुए उपस्थित पदाधिकारियों ने सभी से शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में त्योहार मनाने की अपील की। खिलाड़ियों ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं और आपसी भाईचारे का संदेश दिया। खो-खो प्रांगण रंगों से सराबोर हो उठा और वातावरण उल्लासमय बन गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला सचिव अमित सिंह राजपूत ने कहा कि होली का पर्व आपसी प्रेम, सद्भाव और भाईचारे का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि खेल हमें अनुशासन और एकता का पाठ पढ़ाता है तथा ऐसे आयोजन सामाजिक समरसता को मजबूत करते हैं।
समारोह में मार्शल आर्ट और खो-खो की खिलाड़ी छात्राएं भी बड़ी संख्या में उपस्थित रहीं। अंत में प्रशिक्षकों एवं खिलाड़ियों ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर पर्व की शुभकामनाएं दीं।