आज लगेगा साल 2026 का पहला चंद्र ग्रहण, भारत में सिर्फ 20 मिनट ही रहेगा प्रभाव, जाने सही समय

  • Post By Admin on Mar 03 2026
आज लगेगा साल 2026 का पहला चंद्र ग्रहण, भारत में सिर्फ 20 मिनट ही रहेगा प्रभाव, जाने सही समय

नई दिल्ली। वर्ष 2026 का पहला चंद्र ग्रहण आज लग रहा है, जिसे लेकर देशभर में उत्सुकता देखी जा रही है। खगोलीय दृष्टि से यह एक महत्वपूर्ण घटना है, वहीं धार्मिक मान्यताओं में भी इसका विशेष महत्व बताया जाता है।

पंचांग के अनुसार चंद्र ग्रहण भारतीय समयानुसार दोपहर 3 बजकर 20 मिनट से प्रारंभ होगा। हालांकि उस समय भारत में चंद्रमा दिखाई नहीं देगा न ही उसका प्रभाव होगा । देश में चंद्र उदय शाम लगभग 6:26 से 6:32 बजे के बीच होगा और उसी समय ग्रहण का अंतिम चरण चल रहा होगा। ग्रहण करीब 6:46 से 6:47 बजे के बीच समाप्त हो जाएगा। इस प्रकार भारत में यह चंद्र ग्रहण लगभग 15 से 20 मिनट तक ही प्रत्यक्ष रूप से देखा जा सकेगा। भारत में इस ग्रहण का प्रभाव संध्या लगभग 6:26 से 6:47 तक ही रहेगा, इसी समय ग्रहण के अनुसार आपको सभी कुछ वर्जित करने होंगे ।

वैज्ञानिकों के अनुसार चंद्र ग्रहण तब होता है जब पृथ्वी सूर्य और चंद्रमा के बीच आ जाती है और उसकी छाया चंद्रमा पर पड़ती है। इस दौरान चंद्रमा का रंग हल्का लाल या तांबे जैसा दिखाई दे सकता है, जिसे आम बोलचाल में ‘ब्लड मून’ कहा जाता है। विशेषज्ञों का कहना है कि चंद्र ग्रहण को नंगी आंखों से देखना पूरी तरह सुरक्षित है और इसके लिए किसी विशेष सुरक्षा उपकरण की आवश्यकता नहीं होती। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार ग्रहण का प्रभाव सभी राशियों पर पड़ता है। ज्योतिषाचार्यों का कहना है कि ग्रहण काल में मंत्र जाप, ध्यान और ईश्वर स्मरण करना शुभ माना जाता है। वहीं इस दौरान भोजन बनाना, खाना और नए शुभ कार्य आरंभ करने से परहेज करने की सलाह दी जाती है। परंपरा के अनुसार चंद्र ग्रहण से लगभग नौ घंटे पहले सूतक काल प्रारंभ माना जाता है। सूतक को अशुभ समय समझा जाता है, इसलिए इस अवधि में विशेष सावधानी बरतने और धार्मिक नियमों का पालन करने की बात कही जाती है। ग्रहण समाप्त होने के बाद स्नान, घर की शुद्धि और दान-पुण्य करने की भी परंपरा है।

देशभर में लोग इस खगोलीय घटना को लेकर उत्साहित हैं। साफ मौसम की स्थिति में शाम के समय चंद्र उदय के साथ ग्रहण का दृश्य देखा जा सकेगा।