स्वतंत्रता दिवस पर भारत-नेपाल सीमा पर हाई अलर्ट, बिना पहचान पत्र आवागमन पर सख्ती
- Post By Admin on Aug 14 2026
पश्चिम चंपारण : स्वतंत्रता दिवस 2026 को लेकर भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था और अधिक सख्त कर दी गई है। पश्चिम चंपारण जिले के मैनाटांड़ प्रखंड क्षेत्र में सीमा सुरक्षा बल (एसएसबी) की 47वीं एवं 44वीं बटालियन के जवानों ने हाई अलर्ट जारी करते हुए चौकसी बढ़ा दी है।
सीमा से सटे इनरवा, बसंतपुर, भेड़िहारी, भंगहा, पचरौता, सिसवा और नगरदेही समेत विभिन्न बॉर्डर प्वाइंटों पर विशेष निगरानी की जा रही है। सुरक्षा एजेंसियां हर गतिविधि पर पैनी नजर बनाए हुए हैं ताकि स्वतंत्रता दिवस के दौरान किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।
एसएसबी अधिकारियों के अनुसार भारत से नेपाल और नेपाल से भारत आने-जाने वाले सभी लोगों की गहन जांच की जा रही है। यात्रियों से वैध पहचान पत्र दिखाने को कहा जा रहा है और बिना पहचान पत्र के सीमा पार करने की अनुमति नहीं दी जा रही है। जवान पहचान पत्रों की जांच के साथ-साथ यात्रियों के सामान की भी तलाशी ले रहे हैं। सीमा क्षेत्र में आने-जाने वाले वाहनों की सघन जांच की जा रही है तथा संदिग्ध व्यक्तियों और गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जा रही है।
स्थानीय प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों ने सीमा क्षेत्र के लोगों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि यात्रा के दौरान अपने पहचान पत्र साथ रखें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस या एसएसबी को दें। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि स्वतंत्रता दिवस तक सीमा क्षेत्र में यह विशेष सुरक्षा व्यवस्था लगातार जारी रहेगी।