15 साल की अक्षरा गुप्ता ने रचा इतिहास, दो सत्रों में चार आयु-वर्ग टूर्नामेंट खेले

  • Post By Admin on Feb 26 2026
15 साल की अक्षरा गुप्ता ने रचा इतिहास, दो सत्रों में चार आयु-वर्ग टूर्नामेंट खेले

रक्सौल: बिहार के रक्सौल की 15 वर्षीय उभरती क्रिकेट प्रतिभा अक्षरा गुप्ता ने भारतीय क्रिकेट में एक अनोखी मिसाल कायम की है। कम उम्र में निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन के बल पर उन्होंने ऐसा रिकॉर्ड बनाया है, जो घरेलू क्रिकेट ढांचे में विरले ही देखने को मिलता है।

अक्षरा गुप्ता ने लगातार दो सत्रों, 2024–25 और 2025–26, में BCCI द्वारा आयोजित चार अलग-अलग आयु-वर्ग टूर्नामेंटों में भागीदारी दर्ज कराते हुए इतिहास रचा। इतनी कम आयु में विभिन्न आयु-वर्गों में निरंतर चयन और प्रदर्शन उनकी प्रतिभा, फिटनेस और खेल-समझ का स्पष्ट संकेत माना जा रहा है। सत्र 2024–25 में अक्षरा ने अंडर-15 टीम में उप-कप्तान की भूमिका निभाई, साथ ही अंडर-19 टी20, अंडर-19 वनडे और अंडर-23 टूर्नामेंट में भी अपनी जगह बनाई। अगले ही सत्र 2025–26 में उन्होंने अंडर-19 टी20 और अंडर-19 वनडे टीम की कप्तानी संभाली। इसके अतिरिक्त अंडर-23 वनडे और सीनियर महिला वनडे टूर्नामेंट में भी भाग लेकर उन्होंने अपनी बहुमुखी क्षमता का परिचय दिया। क्रिकेट विश्लेषकों के अनुसार, 15 वर्ष की आयु में BCCI के अंतर्गत इतनी व्यापक भागीदारी अत्यंत दुर्लभ उपलब्धि है। यह न केवल खिलाड़ी की तकनीकी दक्षता को दर्शाती है, बल्कि दबाव में प्रदर्शन करने की मानसिक मजबूती को भी रेखांकित करती है।

स्थानीय खेल प्रेमियों और प्रशिक्षकों ने अक्षरा की सफलता को बिहार के लिए गर्व का क्षण बताया है। खेल जगत में यह उम्मीद जताई जा रही है कि यदि उन्हें निरंतर मार्गदर्शन और अवसर मिलता रहा, तो वे भविष्य में राष्ट्रीय स्तर पर और बड़ी उपलब्धियां हासिल कर सकती हैं।