बिहार में रूफटॉप सोलर हुआ और सस्ता, केंद्र के साथ राज्य सरकार भी देगी अतिरिक्त सहायता

  • Post By Admin on Aug 14 2026
बिहार में रूफटॉप सोलर हुआ और सस्ता, केंद्र के साथ राज्य सरकार भी देगी अतिरिक्त सहायता

पटना : प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत बिहार सरकार ने घरेलू उपभोक्ताओं को बड़ी राहत देते हुए रूफटॉप सोलर लगाने पर अतिरिक्त सब्सिडी देने की घोषणा की है। इस फैसले के बाद राज्य में सोलर प्लांट लगवाना पहले की तुलना में काफी सस्ता हो जाएगा।

ऊर्जा विभाग के अनुसार केंद्र सरकार से मिलने वाली सब्सिडी के अतिरिक्त बिहार सरकार 10 हजार रूपए प्रति किलोवाट की दर से वित्तीय सहायता देगी। राज्य सरकार ने अधिकतम 20 हजार रूपए तक अतिरिक्त सब्सिडी देने का निर्णय लिया है। इससे पात्र घरेलू उपभोक्ताओं को केंद्र और राज्य सरकार की संयुक्त सहायता के रूप में कुल 98 हजार रूपए तक का लाभ मिल सकेगा।

सरकार का मानना है कि इस अतिरिक्त सहायता से रूफटॉप सोलर की शुरुआती लागत में उल्लेखनीय कमी आएगी और अधिक से अधिक लोग अपने घरों की छत पर सोलर प्लांट स्थापित करने के लिए प्रेरित होंगे। खासकर मध्यमवर्गीय और घरेलू उपभोक्ताओं के लिए यह योजना काफी आकर्षक मानी जा रही है। राज्य सरकार ने इस योजना के क्रियान्वयन के लिए एक वर्ष में लगभग 1000 करोड़ रुपये के अनुमानित खर्च को मंजूरी दी है। इस राशि का उपयोग राज्य में सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने और घर-घर तक स्वच्छ ऊर्जा पहुंचाने के लिए किया जाएगा।

ऊर्जा अधिकारियों का कहना है कि रूफटॉप सोलर लगाने से उपभोक्ताओं के मासिक बिजली बिल में भारी कमी आएगी। साथ ही यह पर्यावरण के अनुकूल स्वच्छ और हरित ऊर्जा के उपयोग को बढ़ावा देगा। सरकार का लक्ष्य राज्य में बिजली की जरूरत का बड़ा हिस्सा नवीकरणीय ऊर्जा स्रोतों से पूरा करना है, जिससे पारंपरिक ऊर्जा स्रोतों पर निर्भरता कम हो सके।

बिजली विभाग के अधिकारियों ने बताया कि एक बार सोलर प्लांट स्थापित होने के बाद उपभोक्ता लगभग 25 से 30 वर्षों तक बिजली उत्पादन का लाभ उठा सकते हैं। इससे न केवल दीर्घकालिक बचत होगी, बल्कि ऊर्जा सुरक्षा भी मजबूत होगी। राज्य सरकार के इस फैसले को बिहार में सौर ऊर्जा विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।