बिहार में 2,027 नए अधिकारी बने राज्य सेवा का हिस्सा, 2030 तक 1 करोड़ रोजगार का लक्ष्य

  • Post By Admin on Aug 14 2026
बिहार में 2,027 नए अधिकारी बने राज्य सेवा का हिस्सा, 2030 तक 1 करोड़ रोजगार का लक्ष्य

पटना : बिहार सरकार ने युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) की 70वीं संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा में सफल 2,027 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किया। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने गुरुवार को पटना के बापू सभागार में आयोजित समारोह में नवनियुक्त अधिकारियों को नियुक्ति पत्र सौंपते हुए वर्ष 2030 तक राज्य के एक करोड़ युवाओं को नौकरी और रोजगार उपलब्ध कराने का संकल्प दोहराया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले आठ-नौ महीनों में राज्य सरकार ने करीब दो लाख युवाओं को सरकारी नौकरी तथा लगभग साढ़े छह लाख लोगों को रोजगार उपलब्ध कराया है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2025 से 2030 तक एक करोड़ नौजवानों को नौकरी एवं रोजगार उपलब्ध कराने का लक्ष्य तय किया गया है और सरकार इसे हर हाल में हासिल करने के लिए प्रतिबद्ध है।

समारोह में चयनित अभ्यर्थियों को सरकार के 25 विभिन्न विभागों में नियुक्ति दी गई। मुख्यमंत्री ने सांकेतिक रूप से कुछ अभ्यर्थियों को अपने हाथों से नियुक्ति पत्र प्रदान किया, जबकि अन्य अभ्यर्थियों को समारोह में उपस्थित मंत्रियों द्वारा नियुक्ति पत्र वितरित किए गए। उन्होंने कहा कि इतनी बड़ी संख्या में एक साथ अधिकारियों को नियुक्ति पत्र वितरित किया जाना अपने आप में एक नया रिकॉर्ड है।

सम्राट चौधरी ने बताया कि वर्ष 2020 से 2025 के बीच राज्य में 12 लाख सरकारी नौकरियां और 50 लाख रोजगार उपलब्ध कराए गए हैं। सरकार रोजगार और स्वरोजगार के अधिक अवसर सृजित करने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि बिहार का बजट बढ़कर 3.47 लाख करोड़ रुपए हो गया है और राज्य में शहरी विकास को गति देने के लिए 12 नई टाउनशिप विकसित की जाएंगी, जिनमें बड़े पैमाने पर निवेश आने की संभावना है।

मुख्यमंत्री ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि लोक सेवा केवल नौकरी नहीं, बल्कि जनसेवा और जनकल्याण का माध्यम है। उन्होंने कहा कि अधिकारियों की ईमानदारी, संवेदनशीलता और समर्पण से ही बिहार की विकास यात्रा तेज होगी। उन्होंने विकसित भारत और समृद्ध बिहार के निर्माण के लिए समाज के सभी वर्गों और प्रत्येक नागरिक के सामूहिक प्रयास की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि राज्य के विकास में युवाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है और नवनियुक्त पदाधिकारी इस परिवर्तनकारी यात्रा के महत्वपूर्ण सहभागी बनेंगे।