पश्चिम चंपारण में बड़ा हादसा : आर्केस्ट्रा देख रही भीड़ पर चढ़ी बस, 5 की मौत

  • Post By Admin on Aug 22 2026
पश्चिम चंपारण में बड़ा हादसा : आर्केस्ट्रा देख रही भीड़ पर चढ़ी बस, 5 की मौत

पश्चिम चंपारण : जिले के लौरिया थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि करीब एक दर्जन लोग घायल हो गए। हादसा बसवरिया पराउटोला पंचायत के बनकटवा मध्य विद्यालय के पास रात करीब 11 बजे हुआ। छठियार कार्यक्रम के दौरान सड़क किनारे आयोजित आर्केस्ट्रा देख रहे लोगों को तेज रफ्तार बस ने कुचल दिया। घायलों में कई की हालत गंभीर बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, गोरखपुर से बेतिया जा रही शाही ट्रैवल्स की बस अचानक अनियंत्रित हो गई। इसके बाद बस सड़क किनारे छठियार कार्यक्रम में आर्केस्ट्रा देख रहे लोगों को कुचलते हुए निकल गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई।

हादसे में बनकटवा निवासी छांगुर राम (70), बसवरिया निवासी बहादुर महतो (45), बसवरिया निवासी संजय कुमार (28), बनकटवा निवासी राकेश कुमार दूबे (35) और देवेन्द्र दूबे (35) की मौत होने की जानकारी सामने आई है। हादसे में करीब एक दर्जन लोगों के घायल होने की जानकारी है। घायलों में बनकटवा/बसवरिया निवासी श्याम बाबू कुमार (16), अजीत कुमार (18), मोचन महतो (50) और नरेश राम (40) समेत अन्य लोग शामिल हैं। घायलों में कई की हालत गंभीर बताई जा रही है।

हादसे के बाद इलाके में मातम पसरा हुआ है। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय स्तर पर राहत और बचाव की गतिविधियां शुरू की गईं। मृतकों के परिजनों में कोहराम मचा है, जबकि घायलों के परिजनों में भी चिंता का माहौल है। प्रशासनिक स्तर पर हादसे में मृतकों और घायलों की संख्या को लेकर विस्तृत जानकारी का इंतजार है। हादसे के कारणों और बस चालक की स्थिति को लेकर भी आगे की जानकारी सामने आने की उम्मीद है।