बिहार में H5N1 अलर्ट: राजधानी में व्यापक कार्यवाही के साथ संक्रमित क्षेत्र किया गया घोषित

  • Post By Admin on Feb 28 2026
बिहार में H5N1 अलर्ट: राजधानी में व्यापक कार्यवाही के साथ संक्रमित क्षेत्र किया गया घोषित

पटना: बिहार की राजधानी पटना में एवियन इंफ्लूएंजा (H5N1) की पुष्टि होने के बाद प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। मत्स्यपालन, पशुपालन एवं डेयरी मंत्रालय, भारत सरकार से प्राप्त सूचना के अनुसार भोपाल स्थित राष्ट्रीय उच्च सुरक्षा पशु रोग संस्थान (NIHSAD) की जांच में बर्ड फ्लू वायरस की पुष्टि हुई है। इसके बाद एहतियातन कई सख्त कदम उठाए गए हैं।

पटना का प्रमुख पर्यटन स्थल संजय गांधी जैविक उद्यान को तत्काल प्रभाव से आम जनता और पर्यटकों के लिए बंद कर दिया गया है। चिड़ियाघर प्रबंधन के अनुसार उद्यान 7 मार्च 2026 तक पूरी तरह बंद रहेगा। इस अवधि में मॉर्निंग वॉकर और पासधारकों को भी प्रवेश की अनुमति नहीं होगी।

दरअसल, बिहार पशु विश्वविद्यालय, पटना के अंतर्गत आने वाले पॉल्ट्री अनुसंधान एवं प्रशिक्षण केंद्र के नमूनों में H5N1 वायरस की पुष्टि हुई है। संजय गांधी जैविक उद्यान का एक हिस्सा संक्रमण के एपिसेंटर से लगभग एक किलोमीटर के दायरे में आता है, जिसके कारण यह निर्णय लिया गया। प्रशासन का मानना है कि एहतियाती बंदी से संक्रमण के संभावित प्रसार को रोका जा सकेगा।पटना के पी.सी. कॉलोनी, जे-सेक्टर (पश्चिम) पार्क, कंकड़बाग, पटना हाईकोर्ट परिसर, बिहार पशु विज्ञान विश्वविद्यालय के पॉल्ट्री अनुसंधान केंद्र, कौशल नगर और चितकोहरा क्षेत्र में संदिग्ध मामले सामने आए हैं। इन इलाकों में कौओं और कुक्कुटों की असामान्य मृत्यु के बाद नमूने जांच के लिए भेजे गए थे। भारत सरकार के निर्धारित एक्शन प्लान के तहत एपिसेंटर से एक किलोमीटर की परिधि को संक्रमित क्षेत्र घोषित किया गया है। रैपिड रिस्पॉन्स टीम का गठन कर 4,575 कुक्कुटों का शमन (कुलिंग), 9,662 अंडों का नष्टिकरण और 530 किलोग्राम मुर्गी दाना नष्ट किया गया है। सभी कार्रवाई मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) के तहत की गई है। प्रभावित और आसपास के क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर डिसइन्फेक्शन और जैव सुरक्षा अभियान चलाया जा रहा है।

चिड़ियाघर के निदेशक ने अपील की है कि लोग अगले आदेश तक उद्यान आने से बचें। जिला प्रशासन ने भी नागरिकों से अफवाहों पर ध्यान न देने, मृत पक्षियों की सूचना तत्काल पशुपालन विभाग को देने तथा जैव सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है। प्रशासन का कहना है कि स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और आवश्यकतानुसार आगे के कदम उठाए जाएंगे।