होली से पहले पर्यावरण संदेश, प्रदूषण नियंत्रण पर्षद का जागरूकता अभियान
- Post By Admin on Feb 27 2026
मुजफ्फरपुर: बिहार राज्य प्रदूषण नियंत्रण पर्षद, पटना की पहल पर शुक्रवार को मुजफ्फरपुर के विभिन्न विद्यालयों और मोहल्लों में पर्यावरण संरक्षण को लेकर व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य आमजन, विशेषकर बच्चों और युवाओं में वायु प्रदूषण के प्रति चेतना विकसित करना था।
अभियान के तहत मध्य विद्यालय पताही बालक, मझौली खेतल, कच्ची पक्की और शेरपुर क्षेत्र में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान सूत्रधार, खगौल (पटना) के कलाकारों ने संजय यादव के नेतृत्व में नुक्कड़ नाटक का प्रभावशाली मंचन किया। कलाकारों ने संवाद और अभिनय के माध्यम से वायु प्रदूषण के दुष्प्रभावों को सरल और प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया।
नुक्कड़ नाटक के जरिए लोगों से अपील की गई कि होली जैसे पर्व को स्वच्छ और पारंपरिक तरीके से मनाएं। विशेष रूप से होलिका दहन में प्लास्टिक, मोबिल, किरोसीन, रबर, टायर और थर्मोकोल जैसे प्रदूषणकारी पदार्थों के उपयोग से बचने का संदेश दिया गया। कलाकारों ने बताया कि ऐसे पदार्थों के जलने से निकलने वाला धुआं स्वास्थ्य और पर्यावरण दोनों के लिए घातक है। कार्यक्रम में संजय कुमार यादव, कुमकुम भारती, महावीर साह, सुनील कुमार, महेश्वर पासवान और प्रमिला देवी ने अपने अभिनय से लोगों को जागरूक किया। सुनील कुमार ने “ये जिंदगी की बात है, प्रदूषण भगाओ… प्रदूषण के सब कोई भगाव हो भईया” गीत प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों को स्वच्छ वातावरण के प्रति प्रेरित किया।
अभियान के दौरान स्थानीय लोगों और विद्यार्थियों ने पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया और मुजफ्फरपुर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने में सहयोग देने की बात कही। आयोजकों ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम आगे भी जारी रहेंगे, ताकि जनभागीदारी से प्रदूषण पर प्रभावी नियंत्रण संभव हो सके।