बाढ़ खतरे को लेकर सरकार सतर्क, तटबंध कार्यों में तेजी लाने का निर्देश

  • Post By Admin on Apr 21 2026
बाढ़ खतरे को लेकर सरकार सतर्क, तटबंध कार्यों में तेजी लाने का निर्देश

लखीसराय : जल संसाधन से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों को लेकर मंगलवार को मुख्य सचिव, बिहार की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में तटबंध निर्माण, मरम्मत कार्यों और नदियों में कटाव निरोधक उपायों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।

मुख्य सचिव ने स्पष्ट निर्देश दिया कि तटबंधों के निर्माण और मरम्मत कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या विलंब स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने जल संसाधन विभाग और खनन विभाग को आपसी समन्वय बनाकर कार्यों को तेजी से पूरा करने का निर्देश दिया, ताकि संभावित बाढ़ के खतरे को समय रहते कम किया जा सके।

बैठक में नदियों से गाद (सिल्ट) हटाने के कार्य को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर जोर दिया गया। इसके लिए सिल्ट रिमूवल से संबंधित परमिट प्रक्रिया को सरल और पारदर्शी बनाने हेतु जिला स्तर पर जल्द ही समिति गठित करने का निर्देश दिया गया। मुख्य सचिव ने कहा कि इससे कार्यों में तेजी आएगी और विभागों के बीच बेहतर तालमेल सुनिश्चित होगा।

लखीसराय के जिला पदाधिकारी श्री नीरज कुमार ने भरोसा दिलाया कि सभी निर्देशों का समयबद्ध अनुपालन किया जाएगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को तटबंधों की नियमित निगरानी करने, संवेदनशील स्थलों की पहचान कर आवश्यक कदम उठाने तथा सिल्ट हटाने की प्रक्रिया को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए।

बैठक में यह भी कहा गया कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और किसी भी समस्या की स्थिति में त्वरित समाधान सुनिश्चित करें। मुख्य सचिव ने दोहराया कि आपदा प्रबंधन के दृष्टिकोण से ये कार्य अत्यंत महत्वपूर्ण हैं, इसलिए सभी अधिकारी पूरी जिम्मेदारी और तत्परता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें।

इस दौरान लखीसराय से उप विकास आयुक्त श्री सुमित कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी भी बैठक में उपस्थित रहे।