पटना में आयोजित होगा ग्लोबल AI स्किल्स एंड एजुकेशन एक्सपो 2026, शिक्षा और तकनीक का बनेगा साझा मंच
- Post By Admin on Jul 21 2026
पटना: बिहार में शिक्षा, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) और कौशल विकास को नई दिशा देने के उद्देश्य से पहली बार 'ग्लोबल AI स्किल्स एंड एजुकेशन एक्सपो 2026' का आयोजन किया जाएगा। बिजनेस क्रांति की ओर से आयोजित होने वाला यह एक्सपो छात्रों, युवाओं, शिक्षकों और शैक्षणिक संस्थानों को भविष्य की तकनीकों, उच्च शिक्षा और रोजगार के नए अवसरों से जोड़ने का महत्वपूर्ण मंच बनेगा।
आयोजकों के अनुसार, यह आयोजन अक्टूबर माह में पटना के ऊर्जा स्टेडियम में होगा। इसमें देशभर के विश्वविद्यालयों, प्रबंधन संस्थानों, एडटेक कंपनियों, स्किल डेवलपमेंट संस्थानों, टेक्नोलॉजी कंपनियों, स्टार्टअप्स तथा उद्योग विशेषज्ञों की भागीदारी प्रस्तावित है। एक्सपो में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डेटा साइंस, कोडिंग, ऑटोमेशन और उभरती तकनीकों से संबंधित प्रदर्शनी, करियर काउंसलिंग, विशेषज्ञ व्याख्यान तथा नवाचारों का प्रदर्शन किया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा, प्रोफेशनल कोर्स, इंटर्नशिप, रोजगार के अवसर, एजुकेशन फाइनेंस और स्टूडेंट लोन से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां भी उपलब्ध कराई जाएंगी। आयोजकों का मानना है कि इससे छात्रों को एक ही मंच पर शिक्षा, कौशल विकास और करियर से जुड़ी व्यापक जानकारी प्राप्त होगी। एक्सपो के दौरान 'नालंदा शिक्षा गौरव सम्मान 2026' का भी आयोजन किया जाएगा, जिसमें शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले शिक्षकों, प्राचार्यों, प्रोफेसरों, शैक्षणिक संस्थानों तथा शिक्षा नवाचारकर्ताओं को सम्मानित किया जाएगा। बिजनेस क्रांति के संस्थापक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी सुमन कुमार (Generative AI & Product Management, IIT Patna) ने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और नई तकनीकें शिक्षा एवं रोजगार के स्वरूप को तेजी से बदल रही हैं। ऐसे समय में बिहार के युवाओं को भविष्य की तकनीकी आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार करना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन शिक्षा, उद्योग और तकनीक के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के साथ-साथ छात्रों को राष्ट्रीय और वैश्विक अवसरों से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित होगा।
आयोजकों का कहना है कि बिहार की बड़ी युवा आबादी और शिक्षा के प्रति बढ़ती रुचि को देखते हुए यह एक्सपो विद्यार्थियों, शिक्षकों, अभिभावकों और शैक्षणिक संस्थानों के लिए उपयोगी मंच बनेगा। साथ ही यह आयोजन राज्य में तकनीकी जागरूकता, नवाचार और कौशल विकास को बढ़ावा देने के साथ उद्योग और शिक्षा जगत के बीच सहयोग को भी नई गति प्रदान करेगा।