के.आर.के मैदान में साधु-संतों का समागम, माताओं-बहनों से दीप लेकर पहुंचने की अपील
- Post By Admin on Feb 27 2026
लखीसराय: सकल हिंदू समाज, लखीसराय की ओर से 28 फरवरी 2026, शनिवार को के.आर.के उच्च विद्यालय मैदान में भव्य हिंदू सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। आयोजन को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं और विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि कार्यक्रम को सफल बनाने में जुटे हैं।
आयोजकों के अनुसार सम्मेलन में साधु-संतों का समागम होगा, साथ ही दीपोत्सव कार्यक्रम और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी आयोजित की जाएंगी। कलाकारों के माध्यम से भक्ति एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी जाएगी, जिससे कार्यक्रम को उत्सवी स्वरूप दिया जाएगा। सकल हिंदू समाज की ओर से विशेष रूप से माताओं और बहनों से अपील की गई है कि वे अपने घरों से एक दीपक लेकर कार्यक्रम में शामिल हों और सामूहिक दीप प्रज्वलन के माध्यम से एकता और आस्था का संदेश दें।
आयोजकों का कहना है कि इस आयोजन का उद्देश्य समाज में आपसी सद्भाव, सांस्कृतिक चेतना और संगठनात्मक एकजुटता को सशक्त करना है। कार्यक्रम को लेकर क्षेत्र में उत्साह का माहौल है और बड़ी संख्या में लोगों के भाग लेने की संभावना जताई जा रही है।