एपस्टीन फाइल के खुलासे से बढ़ी हलचल, स्टीफन हॉकिंग की तस्वीर पर छिड़ी नई बहस

  • Post By Admin on Feb 27 2026
एपस्टीन फाइल के खुलासे से बढ़ी हलचल, स्टीफन हॉकिंग की तस्वीर पर छिड़ी नई बहस

न्यूयॉर्क : कुख्यात वित्त कारोबारी जेफरी एपस्टीन से जुड़े दस्तावेजों के नए बैच के सार्वजनिक होने के बाद अमेरिका समेत कई देशों में चर्चाएं तेज हो गई हैं। इन्हीं दस्तावेजों में सामने आई एक तस्वीर ने नया विवाद खड़ा कर दिया है, जिसमें विश्वप्रसिद्ध वैज्ञानिक स्टीफन हॉकिंग दो महिलाओं के बीच लेटे नजर आ रहे हैं।

बताया जा रहा है कि तस्वीर में महिलाएं काले रंग की बिकिनी में दिख रही हैं और उनके चेहरे ढंके हुए हैं। फोटो कब और कहां ली गई, यह स्पष्ट नहीं है। हालांकि सोशल मीडिया पर तस्वीर वायरल होने के बाद विभिन्न तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं।

परिवार ने आरोपों को बताया भ्रामक

हॉकिंग के परिवार ने बयान जारी कर कहा कि प्रोफेसर हॉकिंग ने 20वीं सदी में भौतिकी के क्षेत्र में ऐतिहासिक योगदान दिया। वे लंबे समय तक मोटर न्यूरॉन बीमारी से जूझते रहे और व्हीलचेयर तथा वॉइस सिंथेसाइजर की मदद से जीवन व्यतीत करते थे। परिवार का कहना है कि उनकी शारीरिक स्थिति को देखते हुए किसी भी तरह के अनुचित आचरण का संकेत निराधार और भ्रामक है। हॉकिंग का 2018 में 76 वर्ष की आयु में निधन हो गया था।

2006 की कॉन्फ्रेंस से जुड़ा संदर्भ

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, मार्च 2006 में हॉकिंग उन वैज्ञानिकों के समूह का हिस्सा थे जिन्होंने एपस्टीन द्वारा प्रायोजित एक कॉन्फ्रेंस में भाग लिया था। यह कार्यक्रम कैरिबियन के सेंट थॉमस द्वीप पर आयोजित हुआ था, जो एपस्टीन के निजी द्वीप के नजदीक स्थित है। उस समय तक एपस्टीन पर लगे गंभीर आरोप सार्वजनिक रूप से सामने नहीं आए थे।

पुराने आरोपों का भी जिक्र

एपस्टीन से संबंधित अदालती दस्तावेजों में पूर्व में भी हॉकिंग का नाम उल्लेखित हुआ था, हालांकि उन पर कभी कोई आधिकारिक आपराधिक आरोप तय नहीं हुआ। गौरतलब है कि 2019 में जेल में एपस्टीन की मौत से पहले उन पर कई गंभीर आरोप लंबित थे।

ताजा दस्तावेजों के सामने आने के बाद एक बार फिर हाई-प्रोफाइल नामों को लेकर बहस तेज हो गई है। हालांकि किसी भी दावे की पुष्टि के लिए आधिकारिक जांच और न्यायिक निष्कर्ष का इंतजार किया जा रहा है।