विकसित भारत यूथ पार्लियामेंट में गूंजा वंदे मातरम्, युवा आइकन प्रिंस का ओजस्वी संबोधन

  • Post By Admin on Feb 27 2026
विकसित भारत यूथ पार्लियामेंट में गूंजा वंदे मातरम्, युवा आइकन प्रिंस का ओजस्वी संबोधन

मुजफ्फरपुर: विकसित भारत यूथ पार्लियामेंट 2026 के मंच से युवा आइकन प्रिंस कुमार ने युवाओं को राष्ट्रभक्ति और राष्ट्रनिर्माण का संदेश दिया। कार्यक्रम का आयोजन मेरा युवा भारत, मुजफ्फरपुर द्वारा मुजफ्फरपुर प्रौद्योगिकी संस्थान, लक्ष्मी चौक परिसर में किया गया, जहां बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं की उपस्थिति रही।

कार्यक्रम में केंद्रीय जल शक्ति राज्यमंत्री सह मुजफ्फरपुर सांसद राजभूषण चौधरी, संस्थान के प्राचार्य प्रभारी डॉ. संजय कुमार, झारखंड सरकार के सेवानिवृत्त अतिरिक्त सचिव सुरेंद्र प्रसाद सिंह, उप निदेशक माय भारत मुजफ्फरपुर रश्मि सिंह सहित अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। इस अवसर पर प्रिंस कुमार ने “वंदे मातरम् के 150 वर्ष” विषय पर ओजस्वी और तथ्यपूर्ण भाषण दिया। उन्होंने कहा कि बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय ने वर्ष 1875 में वंदे मातरम् की रचना की, जिसे बाद में 1882 में उनके उपन्यास आनंदमठ में प्रकाशित किया गया। वर्ष 1896 के कोलकाता अधिवेशन में रबींद्रनाथ टैगोर द्वारा इसके सार्वजनिक गायन के बाद यह गीत स्वतंत्रता आंदोलन की प्रेरणा का प्रमुख स्रोत बन गया।

अपने संबोधन में प्रिंस ने कहा कि वंदे मातरम् केवल एक गीत नहीं, बल्कि भारत की आत्मा, स्वतंत्रता की चेतना और राष्ट्रभक्ति का जीवंत प्रतीक है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे देश के विकास में सक्रिय भागीदारी निभाएं और विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में अपनी ऊर्जा और प्रतिभा का योगदान दें। कार्यक्रम के दौरान युवाओं में खासा उत्साह देखा गया और राष्ट्रनिर्माण के विषय पर सार्थक संवाद भी हुआ। आयोजकों ने इसे युवाओं के लिए प्रेरणादायक पहल बताया।