लखीसराय में बनेगा फ्रोजन सीमेन स्टेशन, 79.92 एकड़ जमीन का हुआ सर्वे
- Post By Admin on Aug 06 2026
लखीसराय : जिले के चानन अंचल अंतर्गत गोपालपुर मौजा में प्रस्तावित फ्रोजन सीमेन स्टेशन के निर्माण की दिशा में प्रशासनिक प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़ रही है। नेशनल डेयरी डेवलपमेंट बोर्ड (एनडीडीबी) की विशेष टीम ने परियोजना के लिए चिन्हित 79.92 एकड़ भूमि का विस्तृत टोपोग्राफिक सर्वे और स्थल निरीक्षण पूरा कर लिया है।
सर्वेक्षण के बाद गुरुवार को समाहरणालय सभागार में जिलाधिकारी शैलेंद्र कुमार की अध्यक्षता में एक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बिहार स्टेट मिल्क कोऑपरेटिव फेडरेशन लिमिटेड (कॉम्फेड), पटना के निर्देशों के आलोक में आयोजित इस बैठक में परियोजना की प्रगति और आगामी रणनीति पर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक में एनडीडीबी की टीम ने जिलाधिकारी को जानकारी दी कि प्रस्तावित स्थल का निरीक्षण पूरा हो चुका है। अंचल अमीन के सहयोग से 07 अगस्त से जमीन के सीमांकन का काम शुरू कर दिया जाएगा। इसके तुरंत बाद जमीन की मिट्टी जांच की प्रक्रिया भी प्रारंभ की जाएगी, जिसमें स्थानीय जिला प्रशासन हर संभव मदद मुहैया कराएगा।
परियोजना को बिना किसी बाधा के पूरा करने के लिए जिलाधिकारी ने विभिन्न विभागों के साथ समन्वय स्थापित किया। इसके तहत पेयजल व्यवस्था के लिए कार्यपालक अभियंता द्वारा बोरिंग से संबंधित आवश्यक तकनीकी विवरण उपलब्ध कराया जाएगा। बिजली विभाग ने क्षेत्र में पर्याप्त विद्युत आपूर्ति और नेटवर्क कनेक्टिविटी की पुष्टि की है। वहीं जमीन पर मौजूद पेड़ों के संबंध में वन विभाग को नियमानुसार कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है, और जल संसाधन विभाग द्वारा मांगे गए आवश्यक आंकड़े कार्यपालक अभियंता जमुई द्वारा प्रदान किए जाएंगे।
परियोजना से जुड़े निर्माण व जांच कार्यों में किसी प्रकार का व्यवधान न आए, इसके लिए अनुमंडल पदाधिकारी और स्थानीय पुलिस प्रशासन की मदद से आवश्यकतानुसार दंडाधिकारी और पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की जाएगी। समीक्षा बैठक में उप विकास आयुक्त सुमित कुमार, स्थापना उपसमाहर्ता शशि कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रवि कुमार और नजारत उपसमाहर्ता प्राची कुमारी सहित कई प्रमुख अधिकारी उपस्थित थे।