पर्यावरण संरक्षण हेतु पर्यावण भारती ने लखीसराय में लगाए 25 पौधे
- Post By Admin on Sep 09 2024
.jpg)
लखीसराय : पर्यावरण संरक्षण को लेकर लखीसराय के शाखा मैदान में पर्यावरण भारती के तत्वावधान में पौधारोपण अभियान का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पीपल, आम, अमरूद, कटहल, सागवान, कचनार और गुलमोहर जैसे 25 वृक्षों का पौधारोपण किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व महानगर संयोजक सुबोध कुमार मिश्र ने किया, जबकि इसका शुभारंभ बिहार सरकार के वन एवं पर्यावरण मंत्री, डॉ. प्रेम कुमार ने किया।
डॉ. प्रेम कुमार ने इस अवसर पर कहा, "बिहार सरकार के अथक प्रयासों से बिहार में वनक्षेत्र 15 प्रतिशत तक पहुंचा है, जबकि वैश्विक मानकों के अनुसार धरती पर 33 प्रतिशत हरियाली अनिवार्य है। इस लक्ष्य को पाने के लिए सरकार के साथ-साथ सभी सामाजिक संस्थानों और नागरिकों का सहयोग आवश्यक है। यदि बिहार की 11 करोड़ जनता में से हर व्यक्ति एक पेड़ लगाता है, तो एक दिन में 11 करोड़ पेड़ लग सकते हैं, लेकिन इन पौधों को पांच वर्षों तक सुरक्षा प्रदान करनी होगी।"
उन्होंने "साइकिल यात्रा: एक विचार" का जिक्र करते हुए कहा कि जमुई शहर में प्रत्येक रविवार को वृक्षारोपण अभियान चलाया जाता है, जिससे सभी को प्रेरणा लेनी चाहिए। डॉ. कुमार ने जोर दिया कि प्रत्येक नागरिक को थोड़ा-थोड़ा पौधारोपण अवश्य करना चाहिए, जिससे पर्यावरण संरक्षण की दिशा में बड़ा योगदान हो सके।
पर्यावरण भारती के संस्थापक और पर्यावरण संरक्षण गतिविधि के प्रांत संयोजक राम बिलास शाण्डिल्य ने जानकारी दी कि "पर्यावरण भारती 2008 से लगातार वृक्षारोपण अभियान चला रहा है।" उन्होंने बताया कि 9 सितंबर को हिमालय दिवस मनाया जाता है, जिसका उद्देश्य हिमालय क्षेत्र में जैव विविधता और वृक्षों की सुरक्षा है। हिमालय में हो रहे अनियंत्रित विकास से वैज्ञानिक चिंतित हैं और इसे विनाशकारी बताते हैं। यदि इस ओर ध्यान नहीं दिया गया, तो केदारनाथ जैसी त्रासदी फिर से हो सकती है।
इस पौधारोपण अभियान में डॉ. प्रेम कुमार, राम बिलास शाण्डिल्य, डॉ. सरिता शंकर, सामाजिक कार्यकर्ता प्रियंवदा केशरी, डॉ. सुनील कुमार, विवेक केशरी, अंकित गुप्ता, राजीव रंजन पाण्डेय, जनार्दन विश्वकर्मा, रमेश कुमार पाण्डेय सुदामा, आशुतोष मिश्र, सुबोध कुमार मिश्र, धन्नो वर्मा, पवन कुमार, नीरज गौतम, अधिवक्ता वीरेन्द्र कुमार सिंह, राजेन्द्र प्रसाद गुप्ता, नीरज नयन, शिक्षक अरविंद कुमार सहित कई अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने भाग लिया।