मॉक ड्रिल के जरिए अग्नि सुरक्षा का प्रशिक्षण, लखीसराय में 20 स्थानों पर अभियान
- Post By Admin on May 02 2026
लखीसराय : बिहार अग्निशमन सेवा, लखीसराय द्वारा शुक्रवार को जिले में अग्नि सुरक्षा को लेकर व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान अनुमंडल अग्निशमालय पदाधिकारी विनिता लता के नेतृत्व में अग्निशमन कर्मियों की टीम ने जिले के 20 विभिन्न स्थानों पर पहुंचकर लोगों को आग से बचाव के प्रति जागरूक किया।
अभियान के तहत टीम ने स्कूलों, अस्पतालों, दुकानों, जीविका दीदियों, ग्रामीण क्षेत्रों तथा जनप्रतिनिधियों के साथ बैठकें कर अग्नि सुरक्षा के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी। कार्यक्रम के दौरान मॉक ड्रिल आयोजित कर गैस सिलेंडर से लगने वाली आग, बिजली के शॉर्ट-सर्किट और अन्य अगलगी की घटनाओं से बचाव के व्यावहारिक उपाय सिखाए गए।
अग्निशमन विशेषज्ञों ने आम नागरिकों को विभिन्न प्रकार के अग्निशमन यंत्रों (फायर एक्सटिंग्विशर) के उपयोग की तकनीकी जानकारी भी दी। इसके साथ ही ‘अग्नि सुरक्षा में क्या करें और क्या न करें’ विषय पर विशेष रूप से जागरूक किया गया।
जागरूकता अभियान के अंतर्गत लोगों के बीच अग्नि सुरक्षा से संबंधित पैम्फलेट का वितरण भी किया गया। विभाग ने आमजन से अपील की है कि किसी भी आपात स्थिति या अग्निकांड की घटना में तुरंत 101 या 112 नंबर पर कॉल कर सहायता प्राप्त करें।