मुजफ्फरपुर : महान मई दिवस के अवसर पर ऑल इंडिया यूनाइटेड ट्रेड यूनियन सेंटर (AIUTUC) की ओर से मोतीझील स्थित कार्यालय में एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत मजदूरों के संघर्ष के प्रतीक लाल झंडे के ध्वजारोहण के साथ हुई। झंडोतोलन एसयूसीआई (कम्युनिस्ट) के बिहार राज्य सचिव एवं एआईयूटीयूसी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अरुण कुमार सिंह ने किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अरुण कुमार सिंह ने मई दिवस के ऐतिहासिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि 140 वर्ष पूर्व अमेरिका के शिकागो शहर में मजदूरों ने प्रतिदिन 8 घंटे काम निर्धारित करने की मांग को लेकर आंदोलन किया था। इस दौरान सरकार द्वारा किए गए दमन, गोलीबारी और फांसी जैसी घटनाओं के बावजूद मजदूरों का आंदोलन रुका नहीं, बल्कि पूरी दुनिया में फैल गया। इसी संघर्ष के परिणामस्वरूप आज मजदूरों के लिए 8 घंटे कार्यदिवस का नियम लागू हो सका।

उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में भी मजदूरों की स्थिति संतोषजनक नहीं है और उनका शोषण जारी है। कई मजदूरों को आज भी ₹3000 से 12 हजार रुपए तक के मासिक वेतन पर काम करना पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि वेतन वृद्धि की मांग करने पर मजदूरों को दमन का सामना करना पड़ता है और उन्हें देशद्रोही तक बताया जाता है। हाल के नोएडा और हरियाणा की घटनाओं को उन्होंने इसका उदाहरण बताया। उन्होंने मजदूरों से मार्क्सवाद-लेनिनवाद और शिवदास घोष की विचारधारा के आधार पर संगठित होकर संघर्ष को तेज करने का आह्वान किया।

इस मौके पर एसयूसीआई (कम्युनिस्ट) के बिहार राज्य कमिटी सदस्य अर्जुन कुमार, मुजफ्फरपुर नगर जिला सचिव अमन कुमार झा, अरविंद कुमार, बिहार राज्य रसोइया यूनियन के जिला अध्यक्ष रामसेवक पासवान, कंस्ट्रक्शन वर्कर्स यूनियन के वैद्यनाथ पंडित, शिव बालक कुमार, रंजीत कुमार राय, चंचला कुमारी, कृष्णा देवी, शकुंतला देवी, शाहिदा खातून, गजाला सबिहा, खैरु निशा, अकबरी खातून, रौशन खातून, शहनाज खातून, शत्रुघ्न महतो, अंकज कुमार, सूरज कुमार सहित अन्य लोग उपस्थित थे।