EOU छापेमारी में आय से अधिक संपत्ति का खुलासा, इंजीनियर के ठिकानों पर बड़ी कार्रवाई

  • Post By Admin on Jul 31 2026
EOU छापेमारी में आय से अधिक संपत्ति का खुलासा, इंजीनियर के ठिकानों पर बड़ी कार्रवाई

पटना: बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए रोहतास जिले के लघु सिंचाई प्रमंडल, सासाराम में तैनात कार्यपालक अभियंता अरविंद कुमार चौधरी के कई ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान आय से अधिक संपत्ति के मामले में कई अहम दस्तावेज और मूल्यवान सामान बरामद किए गए हैं।

EOU के अनुसार, प्रारंभिक जांच में अभियंता के पास 1 करोड़ 19 लाख 98 हजार 534 रुपये की आय से अधिक संपत्ति होने के साक्ष्य मिले हैं। जांच एजेंसी का दावा है कि यह उनकी ज्ञात आय से लगभग 85.05 प्रतिशत अधिक है।

विशेष निगरानी न्यायालय से तलाशी वारंट मिलने के बाद EOU की टीमों ने राज्यभर में अभियंता से जुड़े छह ठिकानों पर एक साथ कार्रवाई की। इसी क्रम में मुजफ्फरपुर के काजीमोहम्मदपुर थाना क्षेत्र स्थित उनके ससुराल में भी छापेमारी की गई। हालांकि, कार्रवाई के दौरान घर पर कोई सदस्य मौजूद नहीं मिला। इसके बावजूद टीम ने कई घंटों तक मकान के कमरों, लॉकरों और दस्तावेजों की गहन जांच की।

जांच के दौरान अधिकारियों को लाखों रुपये नकद, करीब 500 ग्राम सोने के आभूषण, पटना और दानापुर में फ्लैट एवं प्लॉट में निवेश से जुड़े दस्तावेज, महंगे वाहनों की जानकारी तथा विभिन्न बैंक खातों से संबंधित दस्तावेज मिले हैं। EOU ने बरामद दस्तावेजों और संपत्तियों का विस्तृत मूल्यांकन शुरू कर दिया है। जांच एजेंसी का कहना है कि सभी संपत्तियों की जांच आय के ज्ञात स्रोतों से मिलान कर की जाएगी। यदि अनियमितताओं की पुष्टि होती है तो संबंधित अभियंता के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम सहित अन्य प्रासंगिक धाराओं के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।