पटना जंक्शन पर शुरू होगी अधिकृत कैब सेवा, स्टेशन से निकलते ही मिलेगी टैक्सी
- Post By Admin on Jul 31 2026
पटना: ट्रेन से सफर करने वाले यात्रियों के लिए बड़ी राहत की खबर है। दानापुर रेल मंडल ने पटना जंक्शन, पाटलिपुत्र जंक्शन, राजेंद्र नगर टर्मिनल और दानापुर रेलवे स्टेशन पर अधिकृत रैपिडो ट्रैवल डेस्क शुरू करने का फैसला किया है। इस पहल का उद्देश्य यात्रियों को स्टेशन परिसर में ही सुरक्षित, पारदर्शी और सुविधाजनक कैब सेवा उपलब्ध कराना है।
रेलवे की नॉन-फेयर रेवेन्यू नीति के तहत ई-ऑक्शन प्रक्रिया के माध्यम से इन ट्रैवल डेस्क का आवंटन किया गया है। अब यात्रियों को स्टेशन से बाहर निकलते ही अधिकृत कैब सेवा मिलेगी, जिससे लंबी प्रतीक्षा, मनमाने किराए और बुकिंग संबंधी परेशानियों से राहत मिलने की उम्मीद है।अब तक पटना जंक्शन पर ट्रेन से उतरने के बाद यात्रियों को ऑनलाइन या ऑफलाइन टैक्सी बुक करने में कई तरह की दिक्कतों का सामना करना पड़ता था। ऑफलाइन टैक्सी चालक अक्सर अधिक किराया मांगते थे, जबकि ऑनलाइन कैब बुकिंग में राइड कन्फर्म होने में देरी, अतिरिक्त पैसे की मांग या वाहन उपलब्ध नहीं होने जैसी समस्याएं सामने आती थीं।
रात्रि के समय यह परेशानी और बढ़ जाती थी। देर रात आने वाले यात्रियों को सुरक्षित और समय पर वाहन मिलना चुनौतीपूर्ण हो जाता था। वहीं स्टेशन के बाहर कुछ निजी बाइक और ऑटो चालक सीधे ऑफलाइन बुकिंग के लिए यात्रियों से संपर्क करते थे, जिससे किराए और सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठते रहे हैं। नई व्यवस्था के तहत स्टेशन परिसर में स्थापित अधिकृत रैपिडो ट्रैवल डेस्क से यात्रियों को सीधे कैब उपलब्ध कराई जाएगी। इससे न केवल यात्रा अधिक सुगम होगी, बल्कि किराए में पारदर्शिता और सुरक्षित परिवहन व्यवस्था भी सुनिश्चित होने की उम्मीद है।