लखीसराय : जिला मुख्यालय के नया बाजार स्थित अशोक सम्राट भवन में बुधवार को ई-रिक्शा चालक संघ की बैठक अध्यक्ष शंभू कुमार की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में माकपा नेता और पूर्व वार्ड पार्षद मोती साह, वार्ड पार्षद सुनील कुमार की उपस्थिति में आगामी 5 जनवरी को स्थानीय टाउन हॉल में संघ का सम्मेलन आयोजित करने का निर्णय लिया गया।
बैठक में एकजुटता बनाए रखने और संगठन को मजबूत करने पर बल दिया गया। सम्मेलन की तैयारी को लेकर स्वागत समिति का गठन किया गया। इसमें संघ के अध्यक्ष शंभू कुमार साव को अध्यक्ष, सुनील कुमार को स्वागत मंत्री, और उपाध्यक्ष बलराम कुमार, मुंशी कुमार, उपसचिव कमल कुमार, चंदन कुमार को सदस्य के रूप में मनोनीत किया गया। इसके अलावा, प्रमोद मंडल को कोषाध्यक्ष, सुजीत कुमार को सह कोषाध्यक्ष और मोती शाह को संरक्षक नियुक्त किया गया।
वार्ड पार्षद सुनील कुमार ने संगठन को मजबूत बनाने के लिए चालकों को एकजुट रखने की आवश्यकता जताई और जिला प्रशासन से जल्द समस्याओं के समाधान के लिए वार्ता करने का आश्वासन दिया। बैठक में संघ के राज्य स्तर के संगठन से जुड़ने पर भी खुशी व्यक्त की गई। इसके साथ ही एक आपदा राहत कोष का गठन किया गया जिसमें रजिस्टर्ड सदस्य दान कर बुरे वक्त में आर्थिक सहयोग प्राप्त कर सकेंगे।




















